साड़ी में योग, जिम में जोश: हेमलता की पहल बनी महिलाओं के लिए प्रेरणा - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Sunday, June 21, 2026

साड़ी में योग, जिम में जोश: हेमलता की पहल बनी महिलाओं के लिए प्रेरणा

फतेहपुर, मो शमशाद । अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर बहुआ विकासखंड की ग्राम पंचायत सुजानपुर में स्वास्थ्य जागरूकता, महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण विकास का अनूठा संगम देखने को मिला। ग्राम प्रधान एवं गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक की अध्यक्ष हेमलता पटेल की पहल पर गांव के मिनी सचिवालय परिसर में स्थापित सार्वजनिक ओपन एयर जिम में भव्य सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की सबसे खास बात यह रही कि बड़ी संख्या में महिलाओं ने अपनी पारंपरिक वेशभूषा साड़ी में ही योगासन कर यह साबित कर दिया कि स्वास्थ्य और फिटनेस के लिए किसी विशेष परिधान या संसाधन की आवश्यकता नहीं होती, बल्कि दृढ़ इच्छाशक्ति ही सबसे बड़ी ताकत है। महिलाओं ने पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ योगाभ्यास कर ग्रामीण क्षेत्र की अन्य महिलाओं को भी स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। ग्राम प्रधान हेमलता पटेल ने कहा कि

साड़ी पहनकर जिम में योग करती महिलाएं

गांव की महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और व्यायाम के साधन उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। इसी सोच के तहत मिनी सचिवालय परिसर में निःशुल्क सार्वजनिक ओपन एयर जिम स्थापित कराया गया है, ताकि बच्चे, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग सभी नियमित व्यायाम कर स्वस्थ जीवन जी सकें। उन्होंने कहा कि आज महिलाओं ने साड़ी में योग कर यह संदेश दिया है कि पारंपरिक संस्कृति और आधुनिक स्वास्थ्य चेतना साथ-साथ चल सकती हैं। उन्होंने ग्रामीणों से योग और नियमित व्यायाम को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ नागरिक ही मजबूत और विकसित समाज की नींव होते हैं। कार्यक्रम के दौरान योग प्रशिक्षकों ने विभिन्न योगासन कराए तथा उनके लाभों की जानकारी दी। इस अवसर पर सावित्री, लक्ष्मी, मधु, कम्मो, संयोगिता, सुमन, शिवांश, प्रिया, प्रतिभा, युवांश, सीमा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और संगठन की महिलाएं मौजूद रहीं। पूरे कार्यक्रम में उत्साह का माहौल रहा और ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान की इस पहल की सराहना की।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages