आयोग की सदस्य ने सुनीं समस्याएं, जिला अस्पताल का किया निरीक्षण - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Wednesday, June 17, 2026

आयोग की सदस्य ने सुनीं समस्याएं, जिला अस्पताल का किया निरीक्षण

बीस शिकायतों पर संबंधित विभागों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

फतेहपुर, मो शमशाद । राज्य महिला आयोग की सदस्य अंजू प्रजापति ने बुधवार को लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में महिलाओं की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना। जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंची महिलाओं ने अपनी समस्याएं रखीं, जिनमें कुल बीस शिकायतें प्राप्त हुईं। महिला आयोग की सदस्य ने प्राप्त शिकायतों को संबंधित विभागों को अग्रसारित करते हुए निर्देश दिए कि सभी मामलों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने पिछली जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों की समीक्षा भी की और अधिकारियों को लंबित मामलों के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान महिलाओं को उनके विधिक अधिकारों, महिला सुरक्षा एवं संरक्षण से जुड़े

महिला जनसुनवाई करतीं आयोग की सदस्य अंजू प्रजापति।

कानूनों तथा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। उन्होने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र महिला तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाने पर जोर दिया। इसके बाद जिला अस्पताल का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान एनआरसी सेंटर, ओपीडी, लेबर रूम, महिला वार्ड, दवा वितरण केंद्र एवं अल्ट्रासाउंड कक्ष का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए कि मरीजों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी पुलिस, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी, महिला थानाध्यक्ष, जिला प्रोबेशन अधिकारी कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages