Pages

Monday, June 29, 2026

इलेक्ट्रॉनिक कांटे से पैर दबाकर घटतौली करने वाला बिजनौर गैंग गिरफ्तार

बांदा, के एस दुबे । जनपद की जसपुरा थाना पुलिस ने किसानों और खाद्यान्न व्यापारियों के साथ धोखाधड़ी करने वाले एक बड़े अंतर्जनपदीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक तराजू में हेराफेरी कर गेहूं की घटतौली करने वाले 07 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। ये सभी अभियुक्त मूल रूप से जनपद बिजनौर के रहने वाले हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से धोखाधड़ी कर खरीदा गया 94 कुंतल गेहूं, 2.57 लाख रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त बलेनो कार, एक डीसीएम, इलेक्ट्रॉनिक कांटा और अवैध तमंचा बरामद हुआ है। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन व अपर पुलिस अधीक्षक  शिवराज के पर्यवेक्षण में वांछितों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कामयाबी मिली है। सीओ सदर श्री सौरभ सिंह के नेतृत्व में जसपुरा पुलिस ने झंझरी पुरवा मार्ग से घेराबंदी कर इन सातों आरोपियों को दबोचा।


पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उन्होंने बताया कि वे बलेनो कार से घूमकर सीधे सीधे-साधे किसानों से गेहूं खरीदते थे। तौल के वक्त ये शातिर इलेक्ट्रॉनिक तराजू के नीचे पैर या अन्य तरीके से दबाव डाल देते थे, जिससे वास्तविक वजन काफी कम दिखाई देता था। इस छल-कपट से वे हर तौल में कई कुंतल गेहूं मार लेते थे। बीती 25 जून 2026 को इस गिरोह ने जसपुरा के झंझरी पुरवा गांव में किसान राजेंद्र सिंह व अन्य से गेहूं खरीदा था। शक होने पर जब किसानों ने अगले दिन धर्मकांटा पर वजन कराया, तो गेहूं काफी ज्यादा निकला। इसके बाद जब किसानों ने आरोपियों को रोककर अतिरिक्त पैसे मांगे, तो अभियुक्तों ने राय मशविरा कर किसानों को जान से मारने की नीयत से अवैध तमंचे से फायर झोंक दिया और अपनी बलेनो कार व गेहूं लदी डीसीएम लेकर फरार हो गए थे। गहन जांच में पता चला है कि इस ठग गिरोह ने बांदा के कई अन्य इलाकों में भी किसानों को अपना शिकार बनाया है। इनके खिलाफ थाना जसपुरा के अलावा थाना पैलानी और कोतवाली देहात में भी धोखाधड़ी और घटतौली के मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब इनके पूरे नेटवर्क और अन्य जिलों में किए गए अपराधों का इतिहास खंगाल रही है।  पुलिस ने बरामदगी की नकद राशि 2,57,300/,94 कुंतल अवैध गेहूं, 01 बलेनो कार और 01 डीसीएम , 01 अवैध तमंचा, 01 खोखा कारतूस, 01 जिंदा कारतूस,01 इलेक्ट्रॉनिक तराजू और 07 मोबाइल फोन गिरफ्तार अभियुक्त सभी जनपद बिजनौर के निवासी है।मो0 अतीक उर्फ अकील (निवासी बढ़ापुर, बिजनौर) इसके पास से तमंचा बरामद हुआ। जमील निवासी कोतवाली देहात, बिजनौर, कलीम निवासी हीमपुर दीपा, बिजनौर,नवील अहमद निवासी कोतवाली शहर, बिजनौर, मो0 मुकीम निवासी कोतवाली देहात, बिजनौर, मो0 जासिद निवासी कोतवाली शहर, बिजनौर, मो0 शाकिव निवासी कोतवाली शहर, बिजनौर इस शातिर गिरोह को सलाखों के पीछे भेजने में जसपुरा थाना प्रभारी ऋषिदेव सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रेमपाल सिंह, कांस्टेबल आनंद तिवारी, जितेंद्र कुमार, राजकुमार बिन्द, कृष्ण मुरारी, अविनाश उपाध्याय, बसन्त लाल यादव और अनिल पाल की मुख्य भूमिका रही।


No comments:

Post a Comment