केंद्र की नोडल अधिकारी ने की नीति आयोग के संकेतकों की समीक्षा - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Friday, July 17, 2026

केंद्र की नोडल अधिकारी ने की नीति आयोग के संकेतकों की समीक्षा

आकांक्षी से महत्वाकांक्षी जनपद बनाने पर जोर

गर्भवती महिलाओं का शत-प्रतिशत पंजीकरण, संस्थागत प्रसव सुधारने के दिए निर्देश

फतेहपुर, मो शमशाद । भारत सरकार की ओर से आकांक्षी जनपद के लिए नामित नोडल अधिकारी एवं ग्रामीण विकास मंत्रालय की संयुक्त सचिव अदिति सिंह ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में नीति आयोग द्वारा निर्धारित विभिन्न संकेतकों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि समन्वित प्रयासों और प्रभावी निगरानी के जरिए जिले को आकांक्षी से महत्वाकांक्षी जनपद बनाने की दिशा में तेजी से कार्य किया जाए।

नीति आयोग के संकेतकों की समीक्षा बैठक में भाग लेतीं नोडल अधिकारी अदिति सिंह।

समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य एवं पोषण, शिक्षा, कृषि एवं जल संरक्षण, आधारभूत अवसंरचना, संस्थागत वित्त तथा कौशल विकास से जुड़े बिंदुओं पर विभागवार प्रगति की जानकारी ली गई। संयुक्त सचिव ने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिए कि सभी गर्भवती महिलाओं का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए, उन्हें समय पर प्रसव पूर्व जांच (एएनसी) सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। निजी अस्पतालों में हुए प्रसव का भी डाटा संकलित किया जाए। उन्होंने संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने और पिछड़ रहे स्वास्थ्य केंद्रों के लिए विशेष कार्य योजना बनाकर नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कुपोषित एवं अति कुपोषित बच्चों की पहचान कर उन्हें शीघ्र सुपोषित बनाने, सुपोषित हो चुके बच्चों की भी लगातार निगरानी रखने पर बल दिया। वहीं बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि जिले का कोई भी बच्चा स्कूल जाने से वंचित न रहे। इसके लिए शिक्षकों के माध्यम से अभिभावकों को शिक्षा के प्रति जागरूक और प्रेरित किया जाए। कृषि क्षेत्र की समीक्षा के दौरान उप कृषि निदेशक को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत अधिक से अधिक किसानों का बीमा कराने तथा वर्ष 2025-26 के लंबित बीमा दावों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों से संवेदनशीलता के साथ दायित्वों का निर्वहन करते हुए विकास कार्यों की नियमित निगरानी करने और बेहतर प्रदर्शन के माध्यम से जनपद को नई पहचान दिलाने का आह्वान किया। बैठक के बाद संयुक्त सचिव अदिति सिंह ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय कुंवरपुर तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिंदकी का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने नीति आयोग की अवार्ड मनी से कराए गए कार्यों का अवलोकन किया और विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता तथा स्वास्थ्य केंद्रों पर आने वाले मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक एवं निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), मुख्य चिकित्साधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, उप कृषि निदेशक, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, एलडीएम, जिला उद्यान अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages