एसपी समेत चार अधिकारियों से मांगा जवाब
बांदा, के एस दुबे । जिले के पत्रकार अंशु गुप्ता, जिला संवाददाता द्वारा बांदा पुलिस के विरुद्ध की गई शिकायत पर प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया (PCI) ने संज्ञान लेते हुए संबंधित पुलिस अधिकारियों को लिखित वक्तव्य प्रस्तुत करने का नोटिस जारी किया है।10 जून 2026 को जारी नोटिस के अनुसार, वर्तमान पुलिस अधीक्षक बांदा पलाश बंसल, पूर्व पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल, तत्कालीन फतेहगंज थाना प्रभारी रामजीत गौर तथा तत्कालीन उपनिरीक्षक गिरीश चंद्र यादव से शिकायत के संबंध में जवाब तलब किया गया है।
प्रेस काउंसिल ने अपने नोटिस में कहा है कि प्रथम दृष्टया शिकायत में प्रेस की स्वतंत्रता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका व्यक्त की गई है। इसी आधार पर संबंधित अधिकारियों से दो सप्ताह के भीतर अपना लिखित पक्ष (तीन प्रतियों सहित) प्रस्तुत करने तथा उसकी प्रति शिकायतकर्ता को भी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। नोटिस में यह भी उल्लेख किया गया है कि प्राप्त जवाब के आधार पर मामले को प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया की जांच समिति के समक्ष आगे की कार्रवाई एवं उचित आदेश के लिए प्रस्तुत किया जाएगा। यह नोटिस पत्रकारों की स्वतंत्रता से जुड़े मामलों में प्रेस काउंसिल द्वारा की जाने वाली प्रक्रिया का हिस्सा माना जा रहा है। मामले में संबंधित अधिकारियों के जवाब के बाद आगे की कार्रवाई तय होगी।

No comments:
Post a Comment