जनसुनवाई शिकायत पर दो दिन में कार्रवाई
डिजिटल भुगतान व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
बांदा, के एस दुबे । डिजिटल इंडिया और कैशलेस भुगतान को बढ़ावा देने के सरकारी प्रयासों के बीच रोडवेज बसों में ऑनलाइन यूपीआई भुगतान स्वीकार न किए जाने की शिकायत पर परिवहन निगम ने त्वरित कार्रवाई की है। 1 जुलाई को जनसुनवाई पोर्टल पर दर्ज शिकायत की जांच के बाद 3 जुलाई की देर शाम सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक देशराज ने संबंधित परिचालक के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए वेतन कटौती के आदेश जारी किए। साथ ही सभी संबंधित मार्गों पर यूपीआई भुगतान व्यवस्था को सुचारु रूप से लागू कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
यह कार्रवाई समाजसेवी इमरान अली द्वारा जनसुनवाई पोर्टल पर दर्ज कराई गई शिकायत के बाद हुई। शिकायत में बताया गया था कि 1 जुलाई 2026 को बांदा–नरैनी मार्ग पर संचालित बस संख्या UP 90 T 8102 के परिचालक ने मशीन खराब होने का हवाला देकर यूपीआई भुगतान लेने से इनकार कर दिया, जिससे यात्रियों को नकद भुगतान करना पड़ा। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया कि ऐसी स्थिति कई मार्गों पर देखने को मिल रही है। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम, बांदा डिपो द्वारा कराई गई जांच में शिकायत सही पाए जाने पर संबंधित परिचालक को कड़ी चेतावनी दी गई तथा उसके वेतन से 100 रुपये की कटौती के आदेश जारी किए गए। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक देशराज ने सभी बसों में डिजिटल भुगतान व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करने और यात्रियों को बिना किसी बाधा के यूपीआई भुगतान की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए हैं। श्री अली ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी कर्मचारी को दंडित कराना नहीं, बल्कि यात्रियों को डिजिटल भुगतान की सुविधा का वास्तविक लाभ दिलाना और रोडवेज सेवाओं को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह एवं सुविधाजनक बनाना है। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों को आगे भी संबंधित विभागों के समक्ष उठाते रहेंगे।

No comments:
Post a Comment