बाँदा, के एस दुबे । थाना चिल्ला पुलिस की सतर्कता, साहस और मानवीय संवेदनाओं का एक प्रेरणादायक उदाहरण देखने को मिला । दिनांक 12/13 जुलाई की रात्रि में गश्त एवं चेकिंग के दौरान लगभग 01:00 बजे पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि थाना चिल्ला क्षेत्र के ग्राम पलरा में एक व्यक्ति द्वारा पारिवारिक विवाद के कारण अत्यधिक आक्रोश एवं मानसिक तनाव की स्थिति में गांव के खेत में स्थित लगभग 90 फीट गहरे कुएं में कूद गया हैं । सूचना मिलते ही पुलिस द्वारा बिना किसी विलंब के तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ किया । रात्रि का समय, गहरे कुएं की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों और सिमित संसाधनों के बावजूद मानव जीवन को सर्वोपरि
रखते हुए पुलिसकर्मियों ने धैर्य, साहस और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए ग्रामीणों के सहयोग से सुरक्षित बचाव अभियान चलाया गया । लगभग 04 घंटे तक के अथक एवं साहसिक प्रयासों से टीम द्वारा व्यक्ति को सकुशल बाहर निकाल लिया गया । इसके उपरांत तत्काल एंबुलेंस से व्यक्ति को बेहतर उपचार हेतु रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज, भेजा गया । पूरे घटनाक्रम में थानाध्यक्ष चिल्ला आनन्द कुमार साहू, उ0नि0 कमल सिंह, हे0कां0 प्रेमपाल सिंह एवं कां0 अजय यादव ने कर्तव्यनिष्ठा, साहस के साथ-साथ करुणा, संवेदना और मानवीय मूल्यों का उत्कृष्ट परिचय दिया जिससे एक परिवार को अपने प्रियजन का जीवन वापस मिल सका ।


No comments:
Post a Comment