बांदा, के एस दुबे । जनपद को नशा मुक्त बनाने और मादक पदार्थों के काले कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन ईगल” को एक और बड़ी सफलता मिली है। थाना नरैनी पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर घेराबंदी करते हुए भारी मात्रा में अवैध सूखे गांजे के साथ एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए अभियुक्त के पास से सवा किलो से अधिक (1.270 किलोग्राम) अवैध सूखा गांजा बरामद हुआ है, जिसे वह क्षेत्र में खपाने की फिराक में था। मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार की देर रात थाना नरैनी पुलिस की टीम क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्त और सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक संदिग्ध व्यक्ति भारी मात्रा में नशीला पदार्थ लेकर पनगरा नहर की तरफ से गुजरने वाला है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए उप-निरीक्षक विनोद सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पनगरा नहर पुलिया के पास मुस्तैदी से घेराबंदी की। कुछ ही देर में वहां पहुंचे संदिग्ध व्यक्ति को पुलिस ने रोककर जब उसकी जामा-तलाशी ली, तो उसके पास से 01 किलो 270 ग्राम अवैध सूखा गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने तुरंत अवैध गांजे को जब्त करते हुए अभियुक्त को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में अभियुक्त की पहचान सुरेन्द्र पुत्र कल्लू, निवासी चंद्रनगर, थाना नरैनी, जनपद बांदा के रूप में हुई है। नरैनी पुलिस द्वारा अभियुक्त सुरेन्द्र के खिलाफ थाना स्थानीय पर मु0अ0सं0 173/26 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत गंभीर धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। आवश्यक कानूनी कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद अभियुक्त को आज माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इस बात का पता लगा रही है कि अभियुक्त गांजा कहाँ से लाया था और जिले में इसके तार और किन-किन तस्करों से जुड़े हैं। नशे के इस सौदागर को दबोचने में नरैनी थाने की इस टीम ने मुख्य भूमिका निभाई उ0नि0 विनोद सिंह (चौकी प्रभारी), कांस्टेबल आशू सिंह, कांस्टेबल शुभम सिंह, कांस्टेबल अंकित कुमार सिंह शामिल रहे।

No comments:
Post a Comment