बांदा/पैलानी, के एस दुबे । मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं को लेकर शनिवार को पैलानी तहसील में विभिन्न राजनीतिक दलों की बैठक आयोजित हुई।बैठक के बाद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री विशंभर प्रसाद निषाद ने पार्टी नेताओं के साथ उपजिलाधिकारी पैलानी अंकित वर्मा को ज्ञापन सौंपकर मतदाता सूची में व्याप्त त्रुटियों को तत्काल दुरुस्त कराने की मांग की।पूर्व मंत्री ने कहा कि कई स्थानों पर एक ही व्यक्ति के नाम से चार-चार मतदाता पहचान पत्र (ईपीआईसी) अलग-अलग नंबरों के साथ दर्ज हैं,जिससे चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो सकते हैं। उन्होंने प्रशासन से ऐसे सभी मामलों की जांच कर दोषपूर्ण प्रविष्टियों को हटाने और मतदाता
सूची को शुद्ध करने की मांग की।उन्होंने दावा किया कि केवल तिंदवारी विधानसभा क्षेत्र में ही लगभग पांच हजार ऐसे मतदाताओं की सूची तैयार कर प्रशासन को सौंपी गई है,जिनके नाम या विवरण में गंभीर विसंगतियां हैं।उन्होंने कहा कि यदि समय रहते इन त्रुटियों का निराकरण नहीं किया गया तो निष्पक्ष चुनाव प्रभावित हो सकते हैं।इस दौरान सपा के वरिष्ठ नेता पुष्पेंद्र सिंह चुनाले, वीरेंद्र यादव,रामकृपाल शिवहरे,गयाप्रसाद निषाद (महासचिव अधिवक्ता संघ पैलानी) सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment