गौमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा देने की मांग की बुलंद
फतेहपुर, मो शमशाद । हसवां विकास खंड परिसर मंगलवार को उस समय गुलाबी रंग में रंगा नजर आया, जब गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक की बैठक में महिलाओं ने क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर जोरदार आवाज बुलंद की। संगठन की संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमलता पटेल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में नई ब्लॉक कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसके बाद संगठन ने खंड विकास अधिकारी के माध्यम से जिलाधिकारी को पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपते हुए समस्याओं का शीघ्र समाधान न होने पर बड़े जनआंदोलन की चेतावनी दी। बैठक को संबोधित करते हुए हेमलता पटेल ने कहा कि संगठन किसान, मजदूर, महिलाओं और शोषित वर्ग के अधिकारों की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ेगा। उन्होंने कहा कि गांवों में बिजली, पानी, सड़क और सुरक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए
![]() |
| हसवा ब्लाक मुख्यालय पर प्रदर्शन करतीं गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक की महिलाएं। |
संगठन लगातार संघर्ष करेगा और जनहित के मुद्दों पर किसी भी स्तर तक जाने से पीछे नहीं हटेगा। ज्ञापन में संगठन ने गौमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा देने तथा इसके लिए शासन स्तर पर प्रस्ताव भेजने की मांग की। साथ ही छुट्टा मवेशियों से किसानों की फसलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की बात कही। धान की रोपाई के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में हो रही अघोषित बिजली कटौती पर नाराजगी जताते हुए तत्काल कटौती बंद करने तथा नहरों में टेल तक सिंचाई का पानी छोड़े जाने की मांग उठाई गई। संगठन ने गांवों में अधूरी पड़ी पानी की टंकियों को चालू कराने, पाइपलाइन बिछाने के बाद क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की पक्की मरम्मत कराने, प्रधानमंत्री आवास योजना से वंचित पात्र गरीब परिवारों का विशेष सर्वे कर उन्हें योजना का लाभ दिलाने तथा स्वयं सहायता समूहों को समय पर फंड उपलब्ध कराकर स्वरोजगार को बढ़ावा देने की भी मांग की। बैठक में सर्वसम्मति से हसवां ब्लॉक की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें संगीता देवी को ब्लॉक अध्यक्ष, मीना सिंह को उपाध्यक्ष, कुसमा देवी को महासचिव, मंजू देवी एवं कुसमा देवी को सचिव, विमला देवी को कोषाध्यक्ष तथा शांति देवी को महामंत्री बनाया गया। सक्रिय सदस्यों के रूप में सूरजकली, नीतू देवी, अंकिता देवी, ज्ञानमती, मनीषा, मंजू देवी, चंद्ररेखा और रेनू देवी को जिम्मेदारी सौंपी गई। नवनियुक्त पदाधिकारियों का राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमलता पटेल ने फूल-माला पहनाकर स्वागत किया। इस मौके पर उत्तरा सिंह, सरिता देवी, मीना, स्वरूपा, हरदेवी, मंजू देवी, माया देवी, सुधा, रीता, मनीषा, चंद्ररेखा सहित बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।


No comments:
Post a Comment