उद्यमी लॉन्च पैड के तहत एक दिवसीय क्षमता संवर्धन कार्यशाला का हुआ आयोजन - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Saturday, August 22, 2026

उद्यमी लॉन्च पैड के तहत एक दिवसीय क्षमता संवर्धन कार्यशाला का हुआ आयोजन

चित्रकूट,  सुखेन्द्र अग्रहरि : शनिवार को कलेक्टरेट सभागार में उद्यमी लॉन्च पैड के तहत एक दिवसीय क्षमता संवर्धन कार्यशाला आयोजित की गई। जिसमें मौजूद करीब 450 युवाओं को मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (सीएम युवा), एक जनपद-एक उत्पाद (ओडीओपी), मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना और एमएसएमई नीति-2022 के तहत संचालित योजनाओं की जानकारी दी गई। कार्यशाला में जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने युवाओं से कहा कि वे गलत संगत से दूर रहें और मोबाइल व आधुनिक तकनीक का सकारात्मक उपयोग करते हुए सफल उद्यमी बनें। कहा कि रोजगार मांगने वाले नहीं, रोजगार देने वाले युवा बनें। उन्होंने सीएम युवा योजना में जनपद के प्रदेश में सातवें स्थान पर रहने पर संबंधित अधिकारियों और बैंकर्स को बधाई दी। साथ


ही जिले को प्रदेश में प्रथम स्थान पर पहुंचाने के लिए समन्वित प्रयास करने का आह्वान किया। पूर्व सांसद आरके सिंह पटेल ने युवाओं को अनुभव साझा कर उद्यम स्थापित करने के लिए प्रेरित किया। बैंक शाखा प्रबंधकों ने ऋण प्रक्रिया और वित्तीय व्यवस्था, जबकि आईटीआई व पॉलिटेक्निक के प्राचार्यों ने कौशल विकास एवं तकनीकी प्रशिक्षण की जानकारी दी। कार्यशाला में लखनऊ से आए विशेषज्ञों ने प्रोजेक्ट रिपोर्ट और डीपीआर तैयार करने, कोटेशन, जरूरी अभिलेख, बैंक ऋण प्रक्रिया तथा आवेदन में होने वाली सामान्य त्रुटियों की जानकारी दी। साथ ही नवाचार आधारित उद्यम, फ्रेंचाइजी मॉडल और नए व्यवसायिक अवसरों पर भी मार्गदर्शन दिया गया।


कार्यक्रम में विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत 10 लाभार्थियों को हलवाई एवं सिलाई ट्रेड के टूलकिट और सीएम युवा योजना के तहत 10 लाभार्थियों को चेक वितरित किए गए। युवाओं का मौके पर ही सीएम युवा योजना में पंजीकरण भी कराया गया। इस मौके पर सीडीओ डीपी पाल, पूर्व सांसद भैरव प्रसाद मिश्र, जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक जाटव, भाजपा जिलाध्यक्ष महेंद्र कोटार्य, नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र गुप्ता, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष पंकज अग्रवाल, उपायुक्त उद्योग चंद प्रकाश पटेल सहित सम्बन्धित अधिकारी, कर्मचारी व युवा मौजूद रहे।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages