चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय शिवरामपुर का शनिवार को जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने आकस्मिक निरीक्षण कर शैक्षिक, आवासीय और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। विद्यालय पहुंचने पर छात्राओं ने बैंड की धुन पर डीएम का स्वागत किया। विद्यालय निरीक्षण के दौरान डीएम ने कक्षा संख्या छह और नौ में छात्राओं से संवाद कर पढ़ाई, भोजन और आवासीय सुविधाओं की जानकारी ली। छात्राओं ने व्यवस्थाओं पर संतोष जताया। डीएम ने भोजन व्यवस्था की जानकारी लेते हुए प्रधानाचार्य को निर्धारित मीनू के अनुसार पौष्टिक व गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने तथा रसोईघर की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा विशेष अवसरों और त्योहारों पर छात्राओं को विशेष भोजन दिए जाने की जानकारी भी ली।
स्मार्ट क्लास का निरीक्षण कर एलसीडी के उपयोग के बारे में छात्राओं से पूछा। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ छात्राओं को कौशल विकास और हस्तशिल्प जैसी रोजगारपरक गतिविधियों से जोड़ा जाए। एक जनपद, एक उत्पाद की तर्ज पर छात्राओं की रुचि के अनुसार हुनर विकसित करने पर जोर दिया। डीएम ने विद्यालय परिसर में बैडमिंटन और वॉलीबाल कोर्ट विकसित कराने के निर्देश दिए। कंप्यूटर लैब और ओपन जिम का निरीक्षण करते हुए जलभराव की समस्या दूर करने के लिए इंटरलॉकिंग कराने को कहा। छात्रावास के कमरों में क्रीम रंग से पेंटिंग और बाथरूम की नियमित सफाई के निर्देश भी दिए। इसके बाद डीएम ने कॉमन हॉल में छात्राओं के साथ बैठकर श्रीअन्न का भोजन किया और संवाद किया। इस दौरान छात्राओं ने उन्हें राखी भी बांधी। निरीक्षण के दौरान बीएसए रंजना शुक्ला, प्रधानाचार्य, शिक्षक आदि मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment