कमासिन क्षेत्र के मजदूरों ने एसपी से लगाई गुहार, ठेकेदार पर गंभीर आरोप
बांदा, के एस दुबे । कमासिन थाना क्षेत्र के लाखीपुर गांव निवासी मजदूरों ने वर्ष 2014 में हरियाणा के ईंट भट्ठे पर कराई गई मजदूरी के बकाया 68 हजार रुपये दिलाए जाने की मांग को लेकर थाना से लेकर मुख्यमंत्री तक शिकायती पत्र भेजा है। पीड़ितों ने ठेकेदार पर मजदूरी का भुगतान न करने और रुपये मांगने पर मारपीट व जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। शिकायती पत्र के अनुसार ठेकेदार मुन्ना उर्फ भोडा निवासी मनकहड़ी वर्ष 2014 में रामबहादुर व उनके परिजनों को मजदूरी के लिए हरियाणा स्थित कमल ईंट भट्ठे पर ले गया था। आरोप है कि तीन माह 14 दिन काम कराने के बाद ठेकेदार ने केवल खानगी खर्च दिया और शेष मजदूरी घर
लौटने पर देने की बात कही। वापस आने के बाद मजदूरों ने 68 हजार रुपये मांगे, लेकिन कथित तौर पर लगातार टालमटोल की जाती रही। पीड़ितों का आरोप है कि 6 सितंबर 2026 को करीब 11 बजे रामबहादुर ने मजदूरी का पैसा मांगा तो ठेकेदार और एक अज्ञात व्यक्ति ने गाली-गलौज करते हुए उनके साथ लात-घूंसों से मारपीट की। आरोप है कि गर्दन दबाकर जान से मारने का प्रयास भी किया गया। लोगों के पहुंचने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। शिकायतकर्ता रामबहादुर ने बताया कि वह गंभीर हृदय रोग से पीड़ित हैं और इलाज के लिए पैसों की आवश्यकता है। उन्होंने आशंका जताई कि समय पर इलाज न मिलने पर उनकी जान को खतरा हो सकता है। रामबहादुर, भूरे और रोहित ने पुलिस अधीक्षक बांदा से मामले में रिपोर्ट दर्ज कराकर आवश्यक कार्रवाई करने तथा वर्षों से बकाया मजदूरी की धनराशि दिलाए जाने की मांग की है।


No comments:
Post a Comment