बिना पंजीकरण के संचालित होने का आरोप, जांच के नाम पर मनमानी वसूली की शिकायत
बांदा, के एस दुबे । पैलानी तहसील क्षेत्र में पैथोलॉजी सेंटरों के संचालन को लेकर सवाल उठने लगे हैं। क्षेत्र के जसपुरा कस्बे, पैलानी डेरा और पैलानी सहित कई स्थानों पर दर्जनों पैथोलॉजी सेंटर बिना समुचित पंजीकरण के संचालित होने के आरोप लगाए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इन सेंटरों पर प्रशिक्षित कर्मचारियों के बजाय हाईस्कूल और इंटरमीडिएट पास युवकों से जांच का काम कराया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि विभिन्न जांचों के नाम पर मरीजों से मनमाने तरीके से शुल्क वसूले जाने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। आरोप है कि कुछ सेंटरों पर मरीजों
की जांच रिपोर्ट तैयार करने में भी मानकों की अनदेखी की जा रही है। स्थानीय स्तर पर यह भी आरोप लगाया जा रहा है कि स्वास्थ्य विभाग के सीएमओ कार्यालय में तैनात एक कर्मचारी व जसपुरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अधीक्षक के संरक्षण के चलते कथित रूप से अवैध पैथोलॉजी सेंटरों का संचालन धड़ल्ले से हो रहा है। क्षेत्रवासियों ने स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों से पैलानी तहसील क्षेत्र में संचालित सभी पैथोलॉजी सेंटरों की जांच कराने, पंजीकरण एवं कर्मचारियों की योग्यता की जांच करने तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई की मांग की है। अब देखना यह है कि स्वास्थ्य विभाग इन शिकायतों को लेकर कब तक जांच अभियान चलाता है।

No comments:
Post a Comment