चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि । भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के जिला सचिव का. अमित यादव एडवोकेट के नेतृत्व में पार्टी नेताओं ने गुरुवार को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर पीड़ित परिवारों की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने शासन-प्रशासन से बाढ़ पीड़ितों को आर्थिक सहायता देने के साथ ही स्थायी पुनर्वास की व्यवस्था किए जाने की मांग की। का. अमित यादव ने कहा कि प्रत्येक वर्ष बाढ़ से प्रभावित परिवारों की गृहस्थी और मकानों को नुकसान पहुंचता है। राहत एवं पुनर्वास पर सरकार को लगातार बड़ी धनराशि खर्च करनी पड़ती है। ऐसे में बाढ़ प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थान पर बसाना स्थायी समाधान हो सकता है। उन्होंने कहा कि सरकारी जमीन चिह्नित कर वहां आवासीय
पट्टे और कॉलोनियां विकसित कर प्रभावित परिवारों को आबाद किया जाए, जिससे भविष्य में होने वाली जनहानि और धनहानि दोनों को रोका जा सके। उन्होंने ग्राम अरछा बरेठी का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां गाटा संख्या 1664 में करीब 753 एयर भूमि उपलब्ध है। इस भूमि पर गांव के बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए आवासीय कॉलोनी विकसित कर उन्हें सुरक्षित स्थान पर बसाया जा सकता है। उन्होंने मांग की कि इसी तरह जिले के सभी बाढ़ प्रभावित गांवों में लेखपालों की मदद से सरकारी भूमि चिह्नित कर स्थायी आवासीय कॉलोनियां बनाई जाएं। अमित यादव ने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों को तत्काल आर्थिक मदद के साथ-साथ उनके सुरक्षित भविष्य की भी व्यवस्था करना जरूरी है। स्थायी पुनर्वास की योजना बनाकर सरकार हर वर्ष होने वाले नुकसान और राहत पर खर्च होने वाली धनराशि को भी कम कर सकती है।


No comments:
Post a Comment