Pages

▼

Wednesday, September 30, 2026

कारीकान में स्वास्थ्य शिविर, दो सैकड़ा लोगों की हुई जांच

हीमोग्लोबिन, शुगर, कोलेस्ट्रॉल समेत कई जांचें हुईं निःशुल्क, चिकित्सकों ने दिया परामर्श

धाता, फतेहपुर, मो शमशाद । ग्राम धाता कारीकान में बुधवार को एसबीआई फाउंडेशन एवं चाइल्ड सर्वाइवल इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर का उद्घाटन नगर पंचायत अध्यक्ष रेखा सरोज ने किया। शिविर में दो सौ से अधिक लोगों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच कर चिकित्सकीय परामर्श एवं दवाएं वितरित की गईं। स्वास्थ्य शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।शिविर में मरीजों की आवश्यकता के अनुसार हीमोग्लोबिन, ब्लड शुगर, कोलेस्ट्रॉल, लिपिड प्रोफाइल, टाइफाइड/विडाल, एलएफटी, केएफटी और ब्लड ग्रुप समेत विभिन्न जांचें निःशुल्क की गईं। जनरल फिजिशियन, स्त्री एवं

मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण करती चिकित्सकों की टीम।

प्रसूति रोग विशेषज्ञ तथा ऑर्थाेपेडिक विशेषज्ञों ने मरीजों का परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। जांच के बाद जरूरतमंद मरीजों को निशुल्क दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं। शिविर के सफल संचालन में सीएसआई एवं एसबीआईएफ की टीम के साथ स्टाफ नर्स, लैब टेक्नीशियन और फार्मासिस्ट ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। नगर पंचायत के सभासद मोहम्मद कलीम, विजय नामदेव, प्रेम सिंह, सत्येंद्र पांडेय, गुलाब सिंह, रमेश सिंह और दुर्विजय ने भी अपने-अपने वार्डों में लोगों को शिविर की जानकारी देकर स्वास्थ्य जांच के लिए प्रेरित किया। नगर पंचायत अध्यक्ष रेखा सरोज ने एसबीआईएफ एवं सीएसआई की टीम का आभार जताया। मैनेजर मृत्युंजय पांडेय ने कहा कि स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की समय पर पहचान और गंभीर बीमारियों से बचाव के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच जरूरी है। समय पर जांच, उचित चिकित्सकीय परामर्श और स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर बेहतर स्वास्थ्य की दिशा में कदम बढ़ाया जा सकता है।


No comments:

Post a Comment