बसंत बिहार व गुरू रामराय स्कूल की ओर बसी आबादी के घरों तक पहुंचा पानी, बीमारी फैलने का खतरा
बांदा, के एस दुबे । शहर के जानकी नगर और बसंत बिहार क्षेत्र में नाले पर कथित अतिक्रमण के चलते करीब एक माह से जलभराव की समस्या बनी हुई है। लगातार जलभराव के कारण स्थानीय लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। कई घरों के अंदर तक बारिश का पानी पहुंचने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। समस्या को लेकर पूर्व सैनिक एवं समाजसेवी अमर सिंह चौहान तथा एडवोकेट अमित सिंह गौतम ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। शिकायतकर्ताओं के मुताबिक सड़क किनारे से होकर गुजरने वाले पुराने नाले पर लोगों द्वारा अतिक्रमण कर उसे बंद कर दिया गया है। इसके चलते बारिश के
पानी की निकासी बाधित हो गई और क्षेत्र में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है। शिकायती पत्र में बताया गया कि बसंत बिहार, जानकी नगर और गुरू रामराय स्कूल की ओर बसी आबादी के लोगों के साथ-साथ स्कूली बच्चों को भी आवागमन में परेशानी हो रही है। लंबे समय से पानी जमा रहने के कारण गंदगी और जलजनित बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। शिकायतकर्ताओं ने जिलाधिकारी से मांग की है कि मौके का निरीक्षण कराकर नाले से अतिक्रमण हटवाया जाए और जल निकासी व्यवस्था को सुचारू कराया जाए, ताकि स्थानीय लोगों को जलभराव से राहत मिल सके।

No comments:
Post a Comment