इंसाफ की आस टूटी तो कलेक्ट्रेट में उठाया खौफनाक कदम - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Monday, September 28, 2026

इंसाफ की आस टूटी तो कलेक्ट्रेट में उठाया खौफनाक कदम

युवक ने ज्वलंतशील पदार्थ छिड़क कर जान देने का किया प्रयास, सुरक्षा कर्मियों ने बचाई जान

फतेहपुर, मो शमशाद । भाई की हत्या के मामले में इंसाफ की गुहार लगाते-लगाते सोमवार को एक युवक का सब्र इस कदर टूट गया कि उसने कलेक्ट्रेट परिसर में अपनी जान देने की कोशिश कर डाली। युवक के आत्मघाती कदम से कलेक्ट्रेट में हड़कंप मच गया। युवक ने खुद को आग लगाने की कोशिश की, लेकिन सुरक्षा कर्मियों की नजर समय रहते उस पर पड़ गई। सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल उसे घेरकर माचिस छीन ली और बड़ा हादसा होने से बचा लिया। धाता थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी बृजेश सोनकर अपनी विधवा भाभी व अन्य लोगों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचा था। बृजेश के अनुसार वर्ष 2023 में डीजे विवाद को लेकर उसके भाई श्याम कुमार की हत्या कर दी गई थी।

कलेक्ट्रेट में युवक को रोकते पुलिस कर्मी।

भाई की मौत के बाद से वह लगातार न्याय की मांग कर रहा है। उसका कहना है कि पुलिस से लेकर न्यायालय तक गुहार लगाने के बाद मामला अदालत पहुंचा, लेकिन उसे अभी तक इंसाफ नहीं मिला। युवक का आरोप है कि मुकदमे में लगातार तारीखें पड़ रही हैं और गवाही की प्रक्रिया के दौरान उसे डराया-धमकाया जा रहा है। इन्हीं परिस्थितियों से परेशान होकर उसने कलेक्ट्रेट परिसर में आत्मघाती कदम उठाने की कोशिश की। कलेक्ट्रेट परिसर में युवक की गतिविधि पर सुरक्षा कर्मियों की नजर पड़ते ही उन्होंने तत्काल हस्तक्षेप किया। युवक ने खुद को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन सुरक्षा कर्मियों ने समय रहते उसे रोक लिया और माचिस अपने कब्जे में ले ली। उनकी तत्परता से गंभीर हादसा टल गया। इसके बाद युवक को समझाने-बुझाने का प्रयास किया गया। घटना को लेकर कलेक्ट्रेट परिसर में मौजूद लोगों के बीच भी काफी देर तक चर्चा होती रही।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages