चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा प्रस्तावित मेगा/वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर की तैयारियों को लेकर सोमवार को अपर जिला जज एफटीसी एवं नोडल अधिकारी अनुराग कुरील ने न्यायिक अधिकारियों और उपसमितियों के अध्यक्षों के साथ बैठक की। उन्होंने शिविर के सफल आयोजन के लिए प्री-कैंप गतिविधियों को गति देने के निर्देश दिए। बैठक में नोडल अधिकारी ने विभिन्न उपसमितियों द्वारा आयोजित किए जा रहे प्री-कैंप की प्रगति की जानकारी लेते हुए कहा कि प्रशासनिक विभाग अपने-अपने जनहित से जुड़े विषयों पर अधिक से अधिक शिविर लगाकर आमजन को सरकारी योजनाओं और विधिक अधिकारों की जानकारी दें। साथ ही पात्र लाभार्थियों को चिन्हित कर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया सुनिश्चित करें। बताया कि मेगा विधिक सेवा शिविर का उद्देश्य निर्बल, निर्धन, दिव्यांग, बच्चे, महिलाएं, अनुसूचित जाति-जनजाति और
असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर पात्र लोगों को लाभान्वित कराना है। इस दौरान विशेष न्यायाधीश एससी-एसटी एक्ट गीता सिंह, अपर जिला जज राममणि पाठक, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट राजेंद्र प्रसाद भारती, सिविल जज सचिन कुमार दीक्षित, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण इला चौधरी, अपर सिविल जज अंशुमान यादव, सिविल जज जूनियर डिविजन विदिशा भूषण, न्यायिक मजिस्ट्रेट द्वितीय अभिनव कुमार दुबे समेत अन्य न्यायिक अधिकारी मौजूद रहे। इसी क्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव इला चौधरी ने आगामी 15 अक्टूबर को प्रस्तावित अंडर ट्रायल रिव्यू समिति की बैठक को लेकर लीगल एड डिफेंस काउंसिल के न्यायरक्षकों के साथ बैठक की। प्राधिकरण सचिव ने न्यायरक्षकों को जेल भ्रमण कर पात्र बंदियों को चिन्हित करने के निर्देश दिए, ताकि नियमानुसार उनकी रिहाई की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सके।

No comments:
Post a Comment