डामर गायब, बजरी उखड़ी, ग्रामीणों की बढ़ीं मुश्किलें
फतेहपुर, मो शमशाद । मलवां विकास खंड का रामपुर बंबा पुलिया-इब्राहिमपुर मार्ग इन दिनों राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। सड़क की डामर परत जगह-जगह उखड़ चुकी है, बजरी बाहर निकल आई है और बदहाल सतह पर वाहन चलाना किसी चुनौती से कम नहीं है। हालात यह हैं कि इस महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग पर हर सफर के साथ हादसे का खतरा बना हुआ है। सड़क की बदहाली को लेकर भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिला सोशल मीडिया प्रभारी अजीत कुमार सैनी ने शासन-प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि लंबे समय से सड़क की हालत खराब होने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं
![]() |
| रामपुर-इब्राहिमपुर के जर्जर मार्ग का दृश्य। |
हो सका है। बारिश के दौरान स्थिति और भी गंभीर हो जाती है और राहगीरों की मुश्किलें बढ़ जाती हैं। रामपुर से इब्राहिमपुर को जोड़ने वाला यह मार्ग लक्ष्मणपुर, रामपुर, इब्राहिमपुर, सैरपुर, देवमई, कोटिया और सौनाखेड़ा समेत कई गांवों के लोगों के आवागमन का प्रमुख रास्ता है। प्रतिदिन छात्र-छात्राएं, किसान, महिलाएं, बुजुर्ग और अन्य ग्रामीण इसी मार्ग से गुजरते हैं। सड़क की खराब हालत के कारण दोपहिया वाहन चालकों को विशेष परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अजीत सैनी ने कहा कि सड़क की बदहाली केवल आवागमन की समस्या नहीं, बल्कि जनसुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय है। आपात स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में भी खराब सड़क बाधा बन सकती है। ऐसे में मार्ग की तत्काल मरम्मत या पुनर्निर्माण कराया जाना जरूरी है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से मौके पर स्थलीय निरीक्षण कराकर सड़क की वास्तविक स्थिति का आकलन करने और उच्च गुणवत्ता के साथ पुनर्निर्माण शुरू कराने की मांग की है। साथ ही उन्होंने लंबे समय से सड़क की उपेक्षा के कारणों की जांच कर जिम्मेदारी तय किए जाने की भी मांग उठाई।

No comments:
Post a Comment