चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : किसानों को मृदा संरक्षण, संतुलित उर्वरक उपयोग और टिकाऊ कृषि पद्धतियों के प्रति जागरूक करने के लिए जिले में 30 अक्टूबर तक खेत बचाओ अभियान चलाया जा रहा है। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देश पर 22 से 30 अक्टूबर तक आयोजित इस अभियान का विषय ‘स्वस्थ मृदा, स्वस्थ फसल-समृद्ध किसान’ रखा गया है। उप कृषि निदेशक जीतलाल गुप्ता ने शुक्रवार को संग्रामपुर गांव में आयोजित कार्यक्रम में सहभागिता कर अभियान का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने किसानों को मृदा परीक्षण के आधार पर उर्वरकों के इस्तेमाल, प्राकृतिक एवं जैविक खेती के लाभ और रासायनिक खेती के दुष्प्रभावों की जानकारी दी। उन्होंने धान की कटाई के बाद खेतों में पराली नहीं जलाने की
अपील करते हुए बताया कि फसल अवशेषों का प्रबंधन इन-सीटू विधि से किया जा सकता है। बताया कि अभियान के तहत जिले के पांचों विकासखंडों के सात-सात चयनित कुल 35 गांवों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिसके तहत प्रतिदिन दो सत्रों में सुबह नौ से दोपहर 12 बजे और अपराह्न 2ः30 से शाम 5ः30 बजे तक किसानों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। कार्यक्रमों में कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों के साथ कृषि, पशुपालन, उद्यान, मत्स्य और सहकारिता विभाग तथा इफको के कर्मचारी तकनीकी जानकारी दे रहे हैं। अभियान के दौरान फसल विविधीकरण, दलहन-तिलहन उत्पादन, जल संरक्षण, फसल अवशेष प्रबंधन और जैविक उत्पादों के उपयोग को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। संग्रामपुर में आयोजित कार्यक्रम में कृषि वैज्ञानिक डॉ. उत्तम कुमार त्रिपाठी, उप संभागीय कृषि प्रसार अधिकारी सत्येंद्र सिंह, सहायक विकास अधिकारी कृषि, न्याय पंचायत प्रभारी सविता कुशवाहा, ग्राम प्रधान और किसान आदि उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment