भाकियू अराजनैतिक ने मांगों को लेकर बिंदकी तहसील में की महापंचायत - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Thursday, October 8, 2026

भाकियू अराजनैतिक ने मांगों को लेकर बिंदकी तहसील में की महापंचायत

एसडीएम, सीओ व तहसीलदार ने पहुंचकर लिया ज्ञापन, समस्याओं के समाधान का दिया आश्वासन

फतेहपुर, मो शमशाद । भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के तत्वावधान में गुरूवार को बिंदकी तहसील परिसर में किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर महापंचायत आयोजित की गई। महापंचायत में किसानों ने अपनी समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए प्रशासन से तत्काल समाधान की मांग की। मौके पर एसडीएम बिंदकी, पुलिस उपाधीक्षक बिंदकी व तहसीलदार बिंदकी पहुंचे और किसानों से वार्ता कर उनका ज्ञापन लिया। अधिकारियों ने समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। महापंचायत में मुख्य अतिथि के रूप में जिलाध्यक्ष राजकुमार सिंह गौतम व किसान नेता अंकित सिंह चौहान ने शिरकत की। महापंचायत की अगुवई तहसील अध्यक्ष सुधीर प्रताप सिंह गौतम उर्फ बबलू सिंह ने की। किसानों ने ज्ञापन के माध्यम से मांग किया कि 16 सितंबर को सड़क जाम करने

बिन्दकी तहसील परिसर में धरना दे रहे किसानों से वार्ता करते अधिकारी।

के मामले में किसानों पर दर्ज मुकदमे तत्काल वापस लिए जाएं। संगठन के कार्यकर्ता सुशील के ऊपर लगे मुकदमे समाप्त किए जाएं। किसानों ने धान खरीद के कांटे सुचारु रूप से संचालित कराने व बोरे में कम से कम दस कुंतल धान के सत्यापन की व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग भी उठाई। ज्ञापन में अमौली ब्लॉक के चांदपुर गांव में करीब बीस वर्षों से बंद पड़ी खाद की सोसायटी को तत्काल चालू कराने की मांग की गई। किसानों ने कहा कि क्षेत्र में जंगली जानवरों और अन्ना पशुओं से फसलों को नुकसान हो रहा है, इसलिए तत्काल गौशाला शुरू कराई जाए। इसके अलावा बिजली विभाग द्वारा घरेलू फीडर की आपूर्ति शाम पांच से रात 10 बजे तक बाधित न किए जाने, सोसायटियों में डीएपी सहित अन्य उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कराने तथा सरकारी बीज भंडारों में किसानों का शोषण बंद कर बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की गई। किसानों ने बिंदकी मंडी में आढ़तियों द्वारा टीडीएस की दो प्रतिशत कटौती बंद कराने, छह आर काटे जाने तथा धान में किसी प्रकार की कटौती न किए जाने की मांग रखी। वहीं हरदौलपुर रेलवे क्रॉसिंग पर 62सी अंडरपास बनाए जाने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। किसानों का कहना था कि रेलवे लाइन पार करते समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। महापंचायत के दौरान किसानों ने प्रशासन से सभी समस्याओं का जल्द निस्तारण कराने की मांग की। अधिकारियों ने किसानों को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों को संबंधित विभागों तक पहुंचाकर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी। इस मौके पर प्रदीप सिंह चौहान, प्रीतम सिंह चंदेल, छोटे सिंह, दीपक गुप्ता, बब्लू सिंह, महेन्द्र सिंह भदौरिया, पुत्तन दुबे, रंजीत यादव, सुखीराम, अंगद सिंह सहित तमाम किसान मौजूद रहे। 


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages