Pages

▼

Thursday, October 1, 2026

मंडलायुक्त ने रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज का किया औचक निरीक्षण

बांदा, के एस दुबे । जनपद में आमजन को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ और समयबद्ध चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चित्रकूटधाम मण्डल के आयुक्त अजीत कुमार ने आज रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज, बांदा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ संयुक्त निदेशक ,सिटी मजिस्ट्रेट, मुख्य अग्निशमन अधिकारी और सहायक आयुक्त औषधि सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मरीजों की असुविधा को दूर करने के लिए आयुक्त ने एक महत्वपूर्ण निर्देश देते हुए कहा कि रिपोर्ट प्राप्त करने के लिए मरीजों को अब अस्पताल के बार-बार चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। मरीजों को सामान्य रिपोर्ट देने के साथ-साथ उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर व्हाट्सऐप के माध्यम से भी रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए, ताकि समय और धन दोनों की बचत हो सके।


फायर एनओसी जल्द जारी होरू मेडिकल कॉलेज द्वारा औपचारिकताएं पूरी होने के बावजूद एनओसी न मिलने पर, आयुक्त ने अग्निशमन अधिकारी को तत्काल भौतिक सत्यापन कर यथाशीघ्र फायर एनओसी जारी करने के निर्देश दिए। सभी मशीनों पर एएमसी और एसओपी के विवरण स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किए जाएं। साथ ही चिकित्सकों का ड्यूटी रोस्टर भी सार्वजनिक स्थान पर लगाया जाए।  आयुक्त ने सख्त निर्देश दिए कि किसी भी मरीज को अनावश्यक रूप से बाहर की दवाएं न लिखी जाएं और अस्पताल में उपलब्ध दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित हो। सभी चिकित्सक एवं पैरामेडिकल स्टाफ निर्धारित ड्रेस कोड और नेम प्लेट के साथ ड्यूटी पर उपस्थित रहें। मरीजों को बिना वजह अन्यत्र रेफर न किया जाए। परिसर में टूटी-उखड़ी टाइलों की तुरंत मरम्मत कराई जाए। वार्डों में कूलर, पंखे, एसी और आर्थाेपेडिक वार्ड की लिफ्ट को पूरी तरह क्रियाशील रखा जाए ताकि मरीजों को आवागमन में दिक्कत न हो। एम्बुलेंस की नियमित मॉनीटरिंग करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक खबरों का तत्काल तथ्यात्मक खंडन जारी करने को कहा गया ताकि जनता में भ्रम न फैले। मंडलायुक्त अजीत कुमार ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि शासन की प्राथमिकता आमजन को बेहतर और सम्मानजनक स्वास्थ्य सेवाएं देना है। चिकित्सा व्यवस्था में साफ-सफाई, उपकरणों की क्रियाशीलता और मरीजों की संतुष्टि सर्वाेच्च प्राथमिकता होनी चाहिए, और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को दिए गए सभी निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए हैं।


No comments:

Post a Comment