राष्ट्रीय सेवक संघ ट्रस्ट ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
बांदा, के एस दुबे । जनपद में विभिन्न धार्मिक, सामाजिक, राजनीतिक आयोजनों, रैलियों और बारातों के दौरान डीजे व अन्य ध्वनि विस्तारक यंत्रों के अत्यधिक तेज आवाज में हो रहे संचालन पर पूर्ण रोक लगाने की मांग उठी है। इसे लेकर राष्ट्रीय सेवक संघ ट्रस्ट, बांदा के एक प्रतिनिधिमंडल ने ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं एडवोकेट अवधेश कुमार गुप्ता ‘खादी वाला’ के नेतृत्व में जिलाधिकारी बाँदा को एक ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में अवगत कराया गया कि डीजे की अत्यधिक और अनियंत्रित तेज आवाज से बुजुर्गों, छोटे बच्चों, विद्यार्थियों तथा हृदय एवं अन्य गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों को भारी शारीरिक व मानसिक कष्ट का सामना करना पड़ता है। तेज ध्वनि के कारण आसपास के
लोगों के लिए सामान्य बातचीत करना भी मुश्किल हो जाता है, जिससे उनके दैनिक कार्य और आवश्यक गतिविधियां बाधित होती हैं। आवासीय क्षेत्रों के अलावा न्यायालयों एवं सरकारी कार्यालयों के आसपास तेज आवाज में डीजे बजने से अधिवक्ताओं, वादकारियों, अधिकारियों और कर्मचारियों की एकाग्रता और कार्य की गंभीरता प्रभावित होती है। ट्रस्ट के माध्यम से जिलाधिकारी से मांग की गई है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए सभी प्रकार के आयोजनों, रैलियों और बारातों में डीजे के अनियंत्रित और तेज उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले आयोजकों के विरुद्ध सख्त विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में कृष्ण दत्त मिश्रा एडवोकेट, अरविंद कुमार, राम बिहारी मिश्रा एडवोकेट, समाजसेवी रागनी गुप्ता, रत्नेश, अखिलेश कुमार अग्निहोत्री एडवोकेट, महेश कीमतानी एडवोकेट, लोकेश त्रिपाठी एडवोकेट, रवींद्रनाथ गुप्ता सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment