Pages

▼

Thursday, October 1, 2026

बारिश से रामपुर में तिल की फसल बर्बाद, सर्वे न होने से किसानों में नाराजगी

पैलानी/बांदा, के एस दुबे । विकासखंड जसपुरा की ग्राम पंचायत रामपुर में लगातार हुई बारिश से तिल की फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई है। फसल नष्ट होने से किसानों के सामने अगली फसल की तैयारी के लिए खाद-बीज खरीदने और खेत तैयार करने का संकट खड़ा हो गया है। कई किसान खेतों में खड़ी फसल काटने के बजाय जुताई करने को मजबूर हैं। किसानों के मुताबिक लगातार बारिश के कारण तिल के फूल झड़ गए और फलियां कम लगीं। इसके बाद हुई तेज बारिश से बची-खुची फसल भी बर्बाद हो गई। किसानों का कहना है कि फसल में लागत लगाने के बावजूद अब उन्हें कोई आमदनी नहीं हुई।


किसान दीन मोहम्मद समेत अन्य किसानों ने बताया कि जिलाधिकारी ने फसल नुकसान का सर्वे कराकर मुआवजा दिलाने के निर्देश दिए थे, लेकिन आरोप है कि अभी तक कोई कर्मचारी या लेखपाल अनिल कुमार सर्वे करने गांव नहीं पहुंचा है। किसानों का कहना है कि उन्हें न तो फसल बीमा का लाभ मिला और न ही अब तक सरकारी सहायता प्राप्त हुई है। ग्रामीणों के अनुसार रामपुर में करीब 80 किसानों ने तिल की खेती की थी। किसान वेद प्रकाश तिवारी, ओमप्रकाश तिवारी, जगदीश तिवारी, राजबहादुर अनुरागी, महिमन खान, दीन मोहम्मद खान, छोटे खान, कल्लू विश्वकर्मा, कन्हैया तिवारी, कल्लू खान सहित सैकड़ों किसानों ने प्रशासन से फसल नुकसान का शीघ्र सर्वे कराकर नियमानुसार उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।


No comments:

Post a Comment