एएसपी आवास के पास टला भीषण हादसा - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Thursday, October 8, 2026

एएसपी आवास के पास टला भीषण हादसा

हाई-टेंशन तार से टकराई तेज रफ्तार ओवरलोड बस

बांदा, के एस दुबे । जनपद में आम नागरिकों की जिंदगी से खिलवाड़ करने वाली लापरवाही का एक खौफनाक मामला सामने आया है। बांदा के लॉन्ग रोड पर चलने वाली एक लग्जरी बस दिनेश टूरिस्ट बस पर नियमों को ताक पर रखकर इतना भारी ओवरलोड माल लादा गया था कि बीती रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। तेज रफ्तार और छत पर क्षमता से अधिक ठूंसकर भरे गए सामान के कारण, जब यह बस एसपी आवास के पास से गुजरी तो छत पर रखा सामान ऊपर से गुजर रहे हाई-टेंशन विद्युत तार से जा टकराया। टक्कर के साथ ही हवा में भीषण चिंगारियां फूट पड़ीं। गनीमत यह रही कि बस बिना रुके आगे निकल गई, वरना यह लापरवाही किसी बड़े


अग्निशमन या जनहानि की वजह बन सकती थी। यह गंभीर सवाल खड़ा करता है कि क्या लंबी दूरी की लग्जरी पैसेंजर बसें अब यात्रियों को ढोने के बजाय अवैध मालवाहक ट्रक बन चुकी हैं? बसों की छतों पर इस तरह की खतरनाक ओवरलोडिंग न सिर्फ मोटर व्हीकल एक्ट की धज्जियां उड़ाती है, बल्कि सड़क पर चलने वाले आम लोगों की जान को भी दांव पर लगा देती है। व्यापारिक और कर चोरी के दृष्टिकोण से इस तरह बसों के जरिए भारी मात्रा में सामान का अवैध परिवहन कितना वैध है, इसकी भनक लगते ही देर रात सेल टैक्स विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर बस में लदे सामान की जांच-पड़ताल की है। लेकिन सबसे बड़ा और तीखा सवाल यह है कि परिवहन विभाग और यातायात पुलिस ऐसे जानलेवा वाहनों पर आंखें मूंदकर क्यों बैठी है? क्या महकमा किसी बड़े हादसे के घटित होने का इंतजार कर रहा है? शहरवासियों और जिम्मेदार नागरिकों का कहना है कि यदि इन बेलगाम और ओवरलोड बसों पर तत्काल सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो यह लापरवाही किसी दिन बांदा में भारी तबाही का कारण बन सकती है।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages