कृषि विभाग की कथित अनियमितताओं की जांच की मांग, युवा किसान ने दी आमरण अनशन की धमकी - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Thursday, October 29, 2026

कृषि विभाग की कथित अनियमितताओं की जांच की मांग, युवा किसान ने दी आमरण अनशन की धमकी

आत्मा योजना के भुगतान से लेकर खेत-तालाबों के निर्माण तक उठाए सवाल, डीएम को सौंपा ज्ञापन

चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : कृषि विभाग में कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच की मांग को लेकर किसान सीमित्र सिंह ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने शिकायतों पर कार्रवाई नहीं होने पर 20 नवंबर 2026 से जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में आमरण अनशन शुरू करने की चेतावनी दी है। किसान ने उप कृषि निदेशक कार्यालय और भूमि संरक्षण विभाग की तीन इकाइयों से जुड़े मामलों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। ज्ञापन में वित्तीय वर्ष 2025-26 की आत्मा योजना और त्वरित मक्का विकास योजना के भुगतान में कथित गड़बड़ी का आरोप लगाया गया है। इसके अलावा भूमि संरक्षण इकाई के तहत तालाबों की खुदाई, निर्माण की गुणवत्ता और


भुगतान की जांच कराने की मांग की गई है। शिकायतकर्ता के अनुसार, पूर्व में आठ तालाबों की जांच के बाद करीब 1.50 लाख रुपये की वसूली निर्धारित किए जाने की जानकारी मिली थी। उन्होंने इसकी वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है। किसान ने वर्ष 2016 से अब तक योजना के तहत खोदे गए खेत-तालाबों का शत-प्रतिशत भौतिक सत्यापन कराने की मांग भी उठाई है। साथ ही कर्मचारियों की तैनाती, बीज गोदाम प्रभारी की जिम्मेदारी और एक सरकारी चालक के उपस्थिति व वेतन भुगतान से जुड़े मामलों की जांच कराने की मांग की है। शिकायतकर्ता ने एक सप्ताह के भीतर जांच प्रक्रिया शुरू करने की मांग की है। हालांकि, ज्ञापन में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासन की ओर से इस संबंध में कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages