देवेश प्रताप सिंह राठौर
गंजमुरादाबाद, उन्नाव। आस्ताना-ए-आलिया रहमानिया में हजरत अफजालुर्रहमान उर्फ भोले मियां जौहर रहमतुल्लाह अलैह का उर्स मुबारक बड़ी अकीदत, एहतराम और रूहानी माहौल में मनाया गया। उर्स के मौके पर विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें दूर-दराज से पहुंचे मुरीदीन, अकीदतमंदों और उलमा-ए-किराम ने शिरकत कर अपनी अकीदत का इजहार किया। उर्स मुबारक का पूरा आयोजन दरगाह के साहिबे सज्जादा हजरत मारूफुर्रहमान उर्फ मारूफ मियां साहब की जेरे सरपरस्ती में संपन्न हुआ, जबकि कार्यक्रम की सदारत नवाजिशुर्रहमान उर्फ रब्बानी मियां साहब ने की। इस दौरान खानकाही परंपराओं, धार्मिक शिक्षाओं और आपसी मोहब्बत व भाईचारे का पैगाम दिया गया।कार्यक्रम में खुसूसी खिताब अल्लामा मौलाना सैयद मोहम्मद
महमूद अशरफ कछौछा शरीफ ने फरमाया। उन्होंने अपने खिताब के दौरान बुजुर्गाने दीन की जिंदगी, उनकी तालीमात, इंसानियत, मोहब्बत, अखलाक और आपसी भाईचारे की अहमियत पर रोशनी डाली। उन्होंने कहा कि बुजुर्गाने दीन की जिंदगी से हमें इंसानियत की खिदमत, जरूरतमंदों की मदद और समाज में अमन व मोहब्बत कायम रखने की सीख मिलती है।उर्स के सिलसिले में 11 नवंबर की रात एक शानदार नातिया मुशायरे का आयोजन किया गया। इसमें देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए शायरों और नातख्वानों ने अपने बेहतरीन नातिया कलाम पेश किए। शायरों ने अपने खूबसूरत अंदाज-ए-बयां और दिलकश कलाम से महफिल में समां बांध दिया। नातिया कलाम सुनकर मौजूद अकीदतमंद झूम उठे और पूरी महफिल देर रात तक रूहानी कैफियत से सराबोर रही। मुशायरे में पेश किए गए कलाम ने लोगों को खूब प्रभावित किया। हर तरफ नात-ए-पाक की सदाएं गूंजती रहीं और अकीदतमंदों ने शायरों की हौसला अफजाई की।12 नवंबर को उर्स के मौके पर कुल शरीफ की रस्म अदा की गई। इस अवसर पर खास फातिहा का एहतमाम किया गया, जिसमें मुल्क में अमन-चैन, आपसी भाईचारे, खुशहाली, तरक्की और पूरे इंसानियत के लिए खुसूसी दुआएं मांगी गईं। साथ ही देश में आपसी सौहार्द, मोहब्बत और एकता कायम रहने की भी दुआ की गई।उर्स मुबारक और नातिया मुशायरे के दौरान बड़ी संख्या में मुरीदीन, अकीदतमंदों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों की मौजूदगी रही।

No comments:
Post a Comment