जिला कृषि अधिकारी ने किया निरीक्षण
चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : किसानों को निर्धारित मानक के अनुसार उर्वरक उपलब्ध कराने और कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के लिए कृषि विभाग ने शुक्रवार को मानिकपुर तहसील क्षेत्र में फुटकर उर्वरक बिक्री केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान अभिलेख अधूरे मिलने और निर्देश के बावजूद स्टॉक बोर्ड नहीं लगाए जाने पर तीन प्रतिष्ठानों के लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए गए। जिला कृषि अधिकारी आरके वर्मा ने बताया कि निरीक्षण के दौरान गुरौल रोड स्थित मैसर्स सुभाष बीज भंडार, मैसर्स शुभी खाद-बीज भंडार और विसौधा स्थित रामनगर आयल सीड प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड में अभिलेख अपूर्ण पाए गए। इन केंद्रों पर स्टॉक बोर्ड भी नहीं
लगाए गए थे, जबकि पहले इस संबंध में निर्देश दिए जा चुके थे। अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए तीनों प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई की गई। निरीक्षण के दौरान तीन संदिग्ध उर्वरकों के नमूने भी लिए गए, जिन्हें जांच के लिए भेजा जाएगा। इसके बाद जिला कृषि अधिकारी ने रामपुर और कल्याणपुर सहकारी समितियों का निरीक्षण किया। उन्होंने समिति सचिवों को निर्देश दिए कि किसानों को उर्वरक का वितरण निर्धारित मानकों और नियमों के अनुसार किया जाए। साथ ही स्टॉक और वितरण संबंधी अभिलेख दुरुस्त रखने को कहा।?

No comments:
Post a Comment