Pages

▼

Saturday, November 7, 2026

बांदा-टांडा हाईवे पर गड्ढे में फंसकर पलटी सीमेंट से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली

बांदा, के एस दुबे । तिंदवारी क्षेत्र में सड़कों की जर्जर स्थिति और जल निकासी की व्यवस्था पूरी तरह चौपट होने के कारण आमजन को भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इसी लाचारी और बदहाली का खामियाजा शुक्रवार की दोपहर उस वक्त भुगतना पड़ा, जब बांदा-टांडा राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्ला मार्केट के पास गहरे गड्ढों के कारण सीमेंट से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। गनीमत यह रही कि चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते कूदकर अपनी जान बचा ली। गड्ढे में पहिया धंसने से हुआ हादसाजानकारी के अनुसार, शुक्रवार की दोपहर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली तिंदवारी से सीमेंट की बोरियां लादकर बांदा-टांडा राजमार्ग से गुजर रही थी। जैसे ही वाहन शुक्ला मार्केट के पास पहुंचा, वहां जलभराव और टूटी सड़क के कारण बने एक गहरे गड्ढे में ट्रॉली


का पहिया अचानक फंस गया। पहिया धंसते ही ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई, जिससे ट्रॉली में लदे सीमेंट के कई कट्टे सड़क पर बह रहे पानी और कीचड़ में गिरकर पूरी तरह खराब हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, बाद में दूसरे ट्रैक्टर को बुलाकर गिरे हुए कट्टे उठवाए गए और मार्ग को सुचारु करवाया गया।  

 प्रशासन और सड़क निर्माण विभाग के प्रति लोगों में भारी रोषस्थानीय नागरिकों और राहगीरों का कहना है कि नगर के मध्य से निकले इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्ला मार्केट के निकट सड़क के बीचों-बीच बड़े-बड़े और गहरे गड्ढे उभर आए हैं, जिससे आए दिन छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं हो रही हैं। इसके बावजूद सड़क निर्माण विभाग और संबंधित प्रशासन कुम्भकर्णी नींद सोया हुआ है, और हादसों को न्यौता दिया जा रहा है।   गरुड़ सेना के नगर अध्यक्ष शुभम शुक्ला ने गहरी नाराजगी जताते हुए कहा कि लंबे समय से सड़क की यह बदहाल स्थिति बनी हुई है, लेकिन विभाग का इस ओर कोई ध्यान नहीं है। उन्होंने सड़क निर्माण विभाग से तत्काल प्रभाव से हाईवे के इन खतरनाक गड्ढों को दुरुस्त कराने तथा जल निकासी की मुकम्मल व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़े जान-माल के नुकसान को टाला जा सके।


No comments:

Post a Comment