दो पोकलैंड और तीन जेसीबी मशीनें गरजीं, प्रशासन ने सख्ती के साथ हटवाया अतिक्रमण - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Wednesday, May 28, 2025

दो पोकलैंड और तीन जेसीबी मशीनें गरजीं, प्रशासन ने सख्ती के साथ हटवाया अतिक्रमण

रविवार के बाद बुधवार को जिला प्रशासन ने पुलिस लाइन से जेल रोड तिराहे पर हटाया अतिक्रमण

स्वराज कॉलोनी के पास पोकलैंड मशीन से कई मकान गिराए गए, मची रही अफरा-तफरी

बांदा, के एस दुबे । रविवार को अतिक्रमण ढहाए जाने के बाद प्रशासन ने अतिकमणकारियों को दो दिन की मोहलत दी थी। बुधवार को तीसरे दिन सुबह आठ बजे से ही अपर जिलाधिकारी राजेश कुमार लावलश्कर के साथ जेल रोड पहुंच गए। स्वराज कॉलोनी गली नंबर तीन के पास से अतिक्रमण हटाना शुरू किया। दो पोकलैंड मशीनों और तीन जेसीबी मशीनों को देखकर अतिक्रमणकारियों के हौसले पस्त हो गए। प्रशासनिक अधिकारियों के इशारे पर पोकलैंड और जेसीबी मशीनों ने धड़ाधड़ अतिक्रमण ध्वस्त कर दिया। इस दौरान अफरा-तफरी मची रही।

जेल रोड में अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान मौजूद पुलिस।

मालूम हो कि रविवार को प्रशासन ने जेल रोड में सख्ती के साथ अतिकमण हटवाया था। शेष बचे अतिक्रमण को हटाने के लिए प्रशासन ने दो दिन की मोहलत देते हुए अतिक्रमण हटाओ अभियान को रोक दिया था, लेकिन अतिक्रमणकारियों ने जब अतिक्रमण नहीं ध्वस्त किया तो बुधवार को अपर जिलाधिकारी राजेश कुमार लावलश्कर के साथ सुबह आठ बजे जेल रोड पहुंच गए। एक पखवारे पूर्व भी प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में जेल रोड, क्योटरा चौराहा समेत विभिन्न स्थानों पर नापजोख करते हुए अतिक्रमण के दायरे में आने वाले मकानों, दुकानों में निशान लगाए गए थे। इसके बाद प्रशासन ने नोटिसें जारी कीं। फिर भी लोगों ने अतिक्रमण नहीं हटाया तो एनाउंस भी कराया गया, लेकिन अतिक्रमणकारियों ने अवैध रूप से बनाई गई दुकानें, मकानों को नहीं गिरवाया। दो दिनों की चुप्पी के बाद बुधवार को प्रशासनिक अमला पुलिस फोर्स, नगर पालिका कर्मचारी पांच जेसीबी मशीनें लेकर जेल रोड तिराहे पर पहुंचे। अतिक्रमण हटाओ अभियान टीम को देखते ही अतिक्रमणकारियों में अफरा-तफरी मच गई। प्रशासनिक अधिकारियों ने बुधवार को स्वराज कॉलोनी गली नंबर तीन के पास से अतिक्रमण हटाना शुरू किया। प्रशासनिक अधिकारियों के इशारा करते हुए जेसीबी मशीनें स्थाई और अस्थाई अतिक्रमण पर गरज पड़ीं। तमाम लोगों ने अपना सामान बटोरने का प्रयास किया, लेकिन अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान मशीनें चलीं तो सभी लोग किनारे हो गए। स्वराज कॉलोनी के पास भी तमाम अतिक्रमण हटाया गया। लगभग पांच घंटे से अधिक की कार्रवाई के दौरान जेल रोड में सख्ती के साथ प्रशासनिक अधिकारियों के इशारे पर अतिक्रमण हटाया गया। पूरे समय तक अपर जिलाधिकारी, पुलिस फोर्स, नगर पालिका कर्मचारी डटे रहे।

जेल रोड में मौजूद लोगों की भीड़।

जेल तिराहे पर लगाई गई बैरिकेडिंग

बांदा। जेल रोड में अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू होने के पहले ही बुधवार को जरैली कोठी से जेल रोड तिराहे तक का आवागमन पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाते हुए बुधवार सुबह बंद कर दिया था। जेल तिराहे पर यातायात पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाई थी। ऐसा इसलिए किया गया था कि अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान किसी ने प्रशासन की कार्रवाई के दौरान शोरशराबा नहीं किया। अपर जिलाधिकारी ने चतावनी दी है कि अतिक्रमण न करें, वरना नाप-जोख करते हुए अतिक्रमण हटाया जाएगा।

जेल रोड में अतिक्रमण ध्वस्त करती जेसीबी मशीन

मजदूर तोड़ रहे मकान, क्योटरा रोड के लोग दहशत में

बांदा। प्रशासन द्वारा की जरिही अतिक्रमण हटाओ कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों के हौसले पस्त नजर आ रहे हैं। कुछ रसूखदार जो प्रशासनिक कार्रवाई को रोकने का दम भर रहे थे, उन लोगों ने भी मजदूरों को बुलवाकर अतिक्रमण पर हथौड़ा चलवाया। बुधवार को पूरा दिन जेल रोड में अतिक्रमण पर मजदूर हथौड़ा चलाते रहे। इधर, बुधवार को क्योटरा रोड में भी नापजोख करते हुए निशान लगाने की कार्रवाई प्रशासनिक अधिकारियों के निर्देश पर की गई है। अतिक्रमण ध्वस्त कराए जाने की कार्रवाई के चलते वहां के लोग भी दहशत में नजर आ रहे हैं। कर्मचारियों के द्वारा नापजोख निशान लगाए जाने के बाद ही चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। सूत्रवत मिली जानकारी के अनुसार अब शुक्रवार को प्रशासन की ओर से अतिक्रमण ध्वस्त किया जाएगा।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages