कांग्रेस का संविधान बचाओ संकल्प
कांग्रेस ने याद किया लोकतंत्र का प्रहरी
चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि । जनपद के जिला कांग्रेस कार्यालय में मंगलवार को भारत रत्न, स्वतंत्र भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की पुण्यतिथि श्रद्धा व संकल्प के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत जिला अध्यक्ष कुशल सिंह पटेल एडवोकेट ने नेहरू जी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित करने के साथ हुई, जिसके बाद मौजूद पदाधिकारियों ने पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। गोष्ठी को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष कुशल सिंह पटेल ने कहा कि पंडित नेहरू केवल एक प्रधानमंत्री नहीं थे, बल्कि वह समावेशी व सशक्त भारत के स्वप्नदृष्टा थे। उन्होंने सामाजिक न्याय, आधुनिकता, लोकतंत्र, शिक्षा और संविधान की नींव रखी- यह सब उनकी दूरदर्शिता व विचारशील नेतृत्व का ही परिणाम है। कहा कि उनका योगदान अमूल्य है, जिसे भुलाया नहीं जा सकता।
![]() |
| नेहरू जी के चित्र पर माल्यार्पण करते जिला अध्यक्ष कुशल सिंह पटेल |
वरिष्ठ कांग्रेस नेता विजय मणि त्रिपाठी ने भी नेहरू जी को याद करते हुए कहा कि वह सिर्फ एक नेता नहीं, बल्कि हिंद के जवाहर थे, जिनकी सोच और सिद्धांत आज भी कांग्रेस को राह दिखाते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेसजन उनके आदर्शों पर चलकर पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करेंगे। इस मौके पर अवधेश करवरिया, सविता पाल, चुनवाद प्रसाद, केदारनाथ त्रिपाठी, महेंद्र सिंह पटेल, ओमप्रकाश गुप्ता, राजेश सिंह पटेल सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एकमत से कहा कि पंडित नेहरू की विरासत भारत की आत्मा है, और जब भी लोकतंत्र खतरे में होगा, नेहरू के विचार ही जनआंदोलन की मशाल बनेंगे।


No comments:
Post a Comment