पहली से 31 जुलाई तक संचालित किया जाएगा अभियान, कार्ययोजना करें तैयार
बांदा, के एस दुबे । जिलाधिकारी जे. रीभा की अध्यक्षता में सोमवार को संचारी रोग नियंत्रण व दस्तक अभियान की समन्वय समिति की बैठक जिला कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक का आयोजन हुआ। पहली जुलाई से 31 जुलाई तक संचालित होने वाले संचारी रोग नियंत्रण व दस्तक अभियान को सफल बनाने के लिए जिले के 13 विभाग मिलकर कार्य करेंगे। समस्त विभागों का कार्य उत्तर दायित्व शासन द्वारा निर्धारित किया गया है। समस्त विभागों को निर्देशित किया गया है कि कार्यक्रम की कार्ययोजना निर्धारित समय से पूर्व कार्यालय मुख्य चिकित्सा अधिकारी को उपलब्ध करा दी जाए। व कार्यक्रम के दौरान समस्त गतिविधियों को कार्ययोजनानुसार कराया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि विभाग ग्राम प्रधान, ग्राम सचिव, अध्यापक, आंगनवाडी, आंशा एवं फ्रन्ट लाइन वर्कर्स का प्रशिक्षण शत प्रतिशत कराया जाये जिसकी फोटोग्राफ व उपस्थिति सहित सूचना उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। माह जुलाई में कार्ययोजना के अनुसार निर्धारित ग्रामों, नगरीय निकाय में संचारी रोगों से बचाव व जागरूकता से सम्बन्धित निम्नलिखित गतिविधि सम्पन्न की जायेगी। शिक्षा विभाग - शिक्षा विभाग द्वारा बच्चों को संचारी रोगों से बचाव व साफ-सफाई की जानकारी प्रतिदिन प्रार्थना सभा में दी जायेगी। पेंटिंग प्रतियोगिता, निबन्ध लेखन आदि के माध्यम से जागरूक कार्यक्रम शुद्व पेयजल के विषय में जानकारी दी जायेगी। ग्राम्य विकास विभाग जनपद के समस्त ग्रामों में कार्ययोजनानुसार नालियों की सफाई, झाडियों की कटाई, एण्टी लार्वा दवा का छिडकाव, जलभराव का निस्तारण, शुद्व पेय जल की व्यवस्था की जायेगी। इस कार्य के लिए सभी एडीओ पंचायत को जिम्मेदारी दी गई है। स्वास्थ्य विभाग व बाल विकास सेवा पुष्टाहार विभाग समस्त ब्लाको एवं ग्रामों में आशा, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों द्वारा पोस्टर, पम्पलेट्स वितरित कर व 15 वर्ष से कम उम्र के बच्चे जिन घरों में मिलते है उन घरों पर संचारी रोगों से बचाव का स्टीकर लगाया जायेगा। साथ ही प्रत्येक घर पर जाकर मच्छर पनपने की परिस्थितियों को नष्ट करने व मच्छरों बचाव के विषय में जानकारी दी जायेगी। कुपोषित बच्चों का चिन्हिीकरण कर पुष्टाहार उपलब्ध कराया जायेगा। घर घर भ्रमण के दौरान आशा आंगनवाडी द्वारा बुखार के रोगियों की सूची, खॉसी जुकाम के रोगियों की सूची, क्षय रोग ग्रसित लक्षणों वाले व्यक्तियों की सूची जॉच के लिए तैयार कर यूडीएसपी पोर्टल पर अपलोड करेगी। समस्त जनमानस को बुखार होने पर 108 एम्बुलेन्स को प्रयोग के विषय में लोगों को जानकारी दी जायेगी। दस्त के रोगी मिलने पर ओ0आर0एस0, जिंक की टैबलेट उपलब्ध करायी जायेगी। नगर विकास विभाग- नगर पालिका व नगर पंचायतों द्वारा नगरीय क्षेत्र में प्रतिदिन सफाई का कार्य, कूडा निस्तारण, नालियों की सफाई, मच्छर से बचाव के लिए फॉगिंग एवं नालियों में लार्वा निरोधक दवा का छिडकाव किया जायेगा। कृषि विभाग व पशुपालन विभाग- समस्त ग्रामों में सुअर पालकों को संचारी रोगों से बचाव के विषय में संवेदीकरण किया जायेगग साथ ही जनसमुदाय को चूहा, छछूंदर सें फैलने वाले रोग स्क्रब टाइफस के बारे में जागरूक किया जायेगा। संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान की मॉनीटरिंग हेतु जनपद स्तर से समस्त अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, एवं मलेरिया फाइलेरिया निरीक्षकों को पर्यवेक्षण कार्य हेतु नोडल अधिकारी नामित किया गया है। उक्त प्रशिक्षण कार्यशाला में मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार पाण्डेय, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. विजेन्द्र सिंह, समस्त अपर/उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी, एसएमओ डब्ल्यूएचओ, जिला मलेरिया अधिकारी पूजा अहिरवार, जिला वेक्टर जनित रोग सलाहकार, प्रदीप कुमार, सहायक मलेरिया अधिकारी विजय बहादुर, डीएमसी यूनीसेफ, शिक्षा विभाग, आईसीडीएस, नगर विकास विभाग, पशुपालन विभाग, कृषि विभाग, जल संस्थान विभाग ंके विभागाध्यक्षों एवं प्रतिनिधियों तथा खण्ड विकास अधिकारियों अधीक्षक/ प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, बीपीएम, वीसीपीएम तथा डीसी पाथ ने प्रतिभाग किया गया।
डीएम ने दिए निर्देश, दुरुस्त कर लें व्यवस्थाएं
बांदा। जिलाधिकारी जे. रीभा ने अभियान को संचालित करने के साथ ही व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं। कहा कि अपने-अपने विभागों की जिम्मेदारी के अनुसार कार्यों की सूक्ष्म कार्ययोजना शीघ्र तैयार कर लें। सीएमओ को निर्देशित किया कि आशा कार्यकर्ताओं एवं एएनएम सहित चिकित्सा स्टाफ को 27 जून तक प्रशिक्षित किया जाए, एवं सभी खंड विकास अधिकारियों तथा नगर पालिका, पंचायत अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर ब्लॉक स्तर की बैठकें सुनिश्चित की जाएं। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जिला अस्पताल में अतिरिक्त बेड की व्यवस्था की जाए, तथा वहां पर प्रशिक्षित नर्स की ड्यूटी सुनिश्चित की जाए। इसके अतिरिक्त, नई निर्मित 200-बेड की इमारत का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान चलाकर उसे नियमित रूप से बनाए रखें। इसके अतिरिक्त, मेडिकल कॉलेज में पीडियाट्रिक वार्ड शीघ्र प्रारंभ करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। जिलाधिकारी श्रीमती जे. रीभा ने कहा कि संचारी रोगों की रोकथाम के लिए विभागों के मध्य समन्वय, जनसहभागिता और समयबद्ध कार्यवाही अत्यंत आवश्यक है, जिससे जनपद की स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक सुदृढ़ हो सकें। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार पांडे मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बिजेंद्र सिंह सहित संबंधित विभाग के अधिकारी व जिला स्तरीय अधिकारी का उपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment