“पल्हरी ग्राम पंचायत की बदहाल सड़कों पर गरजीं शालिनी सिंह पटेल, PWD ने जल्द सर्वे व टेंडर का किया ऐलान” - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Thursday, April 30, 2026

“पल्हरी ग्राम पंचायत की बदहाल सड़कों पर गरजीं शालिनी सिंह पटेल, PWD ने जल्द सर्वे व टेंडर का किया ऐलान”

बांदा, के एस दुबे । जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) की प्रदेश उपाध्यक्ष एवं बुंदेलखंड प्रभारी शालिनी सिंह पटेल ने लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिशासी अभियंता से मुलाकात कर जनपद बांदा की एक ऐतिहासिक ग्राम पंचायत के जर्जर एवं अब तक निर्मित न हुए संपर्क मार्गों के संबंध में विस्तारपूर्वक अवगत कराया और लिखित रूप से ज्ञापन सौंपते हुए शीघ्र निर्माण की मांग उठाई। उन्होंने बताया कि यह ग्राम पंचायत स्वतंत्रता संग्राम और राजनीति के क्षेत्र में गौरवशाली इतिहास रखती है, जहां से आज़ाद भारत के प्रथम आम चुनाव (1952-1957) में स्वर्गीय रामसनेही भारतीया जी बबेरू विधानसभा क्षेत्र से विधायक निर्वाचित हुए और 1957 में पुनः विधायक चुने गए, साथ ही उन्होंने तीन बार जिला परिषद अध्यक्ष के रूप में सेवा दी। उनके सुपुत्र स्वर्गीय कृष्ण कुमार भारतीया जी भी जिला पंचायत अध्यक्ष रहे, वहीं इसी ग्राम के निवासी श्री राम शिरोमणि वर्मा जी मऊ-मानिकपुर विधानसभा


क्षेत्र से तीन बार विधायक रहे तथा इस ग्राम पंचायत से लगभग 14-15 स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों ने देश की आज़ादी में अहम योगदान दिया, लेकिन इतने गौरवशाली इतिहास के बावजूद आज भी कई प्रमुख संपर्क मार्गों का निर्माण न होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। शालिनी सिंह पटेल ने अधिशासी अभियंता को बताया कि ग्राम पंचायत अंतर्गत दयाशंकर के घर (खेंगर) से मुरहा स्टाफ होते हुए बबेरू-बांदा मार्ग, मिलाथू-पल्हरी मार्ग से पिपरा बाबा (डांड) होते हुए बबेरू-बांदा मार्ग, देवरथा, बगेहटा, आहार, बड़गांव पल्हरी को जोड़ने वाला मिलाथू-निलाथू मार्ग, गौशाला से शिवमोहन सिंह डिग्री कॉलेज होते हुए बबेरू-बांदा मार्ग तथा शिवाकांत के घर से कोरारी पारा मार्ग जैसे कई महत्वपूर्ण रास्ते आज तक निर्माण से वंचित हैं, जिससे किसानों को उपज मंडी तक ले जाने, विद्यार्थियों को विद्यालय व महाविद्यालय पहुंचने तथा आपातकालीन स्थिति में मरीजों को अस्पताल ले जाने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है और बरसात में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। इस पर अधिशासी अभियंता ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल अपने विभाग के संबंधित कर्मचारियों से मौके पर ही वार्ता की और निर्देश दिया कि सभी प्रस्तावित मार्गों का शीघ्र स्थलीय सर्वे कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए, साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि रिपोर्ट प्राप्त होते ही इन सभी सड़कों को संबंधित योजना (कार्ड योजना) में शामिल कर जल्द से जल्द टेंडर प्रक्रिया प्रारंभ कराई जाएगी, ताकि निर्माण कार्य शीघ्र शुरू हो सके। शालिनी सिंह पटेल ने कहा कि यह केवल विकास का मुद्दा नहीं बल्कि क्षेत्र के सम्मान और अधिकार का प्रश्न है, और यदि शीघ्र कार्यवाही नहीं होती है तो जनहित में आंदोलन भी किया जाएगा, वहीं अधिशासी अभियंता के आश्वासन से क्षेत्रवासियों में उम्मीद जगी है कि वर्षों से लंबित यह मांग अब जल्द पूरी होगी।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages