जिले की सीवर व पानी टंकी योजनाओं का उठाया मुद्दा
फतेहपुर, मो शमशाद । जनपद की पूर्व सांसद एवं राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति ने शनिवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके सरकारी आवास पर शिष्टाचार भेंट की। हाल ही में राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की कमान संभाल चुकी साध्वी निरंजन ज्योति ने इस महत्वपूर्ण मुलाकात में प्रदेश के पिछड़ा वर्ग के सर्वांगीण विकास, सामाजिक उत्थान और कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर मुख्यमंत्री से विस्तार से चर्चा की। करीब एक घंटे चली मुलाकात के दौरान साध्वी निरंजन ज्योति ने मुख्यमंत्री को बताया कि पिछड़े वर्ग से जुड़े अनेक ऐसे मुद्दे हैं, जिन पर प्रदेश स्तर पर समन्वित कार्रवाई की आवश्यकता है ताकि
![]() |
| सीएम योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करतीं आयोग की अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति। |
सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति तक पहुंच सके। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस विषय पर गंभीरता दिखाते हुए आवश्यक बिंदुओं पर सकारात्मक रुख व्यक्त किया। साध्वी ने जिले की ज्वलंत जनसमस्याओं को मुख्यमंत्री के सामने रखा। उन्होंने विशेष रूप से शहर में वर्षों से अधर में लटकी सीवर लाइन योजना का मुद्दा उठाते हुए कहा कि धीमी प्रगति और अधूरे कार्य के चलते आम जनता को लगातार दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बताया गया कि कई मोहल्लों में खुदाई के बाद सड़कें क्षतिग्रस्त हैं, जलनिकासी व्यवस्था प्रभावित है और स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। साध्वी ने मुख्यमंत्री से इस परियोजना की उच्चस्तरीय समीक्षा कर शीघ्र पूर्ण कराने का आग्रह किया। उन्होने ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संकट का उल्लेख करते हुए अधूरी पड़ी पानी टंकी निर्माण योजनाओं की ओर मुख्यमंत्री का ध्यान आकृष्ट कराया। मुख्यमंत्री आवास पर हुई मुलाकात में साध्वी निरंजन ज्योति के साथ उनके निजी सहायक राजेंद्र निषाद भी मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment