फादर्स डे पर वृद्धाश्रम में सजा सम्मान का दरबार - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Sunday, June 21, 2026

फादर्स डे पर वृद्धाश्रम में सजा सम्मान का दरबार

वृद्धजनों के चरण स्पर्श कर डॉ अनुराग ने लिया आशीर्वाद

फतेहपुर, मो शमशाद । फादर्स डे के अवसर पर शनिवार को इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी के तत्वावधान एवं डॉ. सत्यनारायण सेवा फाउंडेशन के संयोजकत्व में मवइया स्थित समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित वृद्धाश्रम में वृद्धजनों के सम्मान का भावपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में चेयरमैन एवं कार्यकारिणी सदस्य डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने वृद्धजनों का पूजन कर उनका सम्मान किया और उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की।

वृद्धआश्रम में बुजुर्गों का सम्मान करते हैं डॉक्टर अनुराग श्रीवास्तव

कार्यक्रम के दौरान डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने सभी वृद्धजनों को तिलक लगाकर उनका स्वागत किया। इसके बाद आरती, पुष्पवर्षा एवं चरण स्पर्श कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। सम्मान और अपनत्व से भरे इस आयोजन ने वृद्धजनों को भावुक कर दिया। डॉ. अनुराग ने सभी को जलेबी वितरित करते हुए कहा कि जीवन के इस पड़ाव में यदि किसी कारणवश उनके बच्चे उनके साथ नहीं हैं तो भी समाज उनके साथ खड़ा है और वह स्वयं हर संभव सहयोग के लिए सदैव तत्पर रहेंगे। उन्होंने कहा कि माता-पिता का स्थान जीवन में सर्वाेच्च होता है। उनके सम्मान और सेवा से बढ़कर कोई धर्म नहीं है। फादर्स डे केवल एक दिवस नहीं बल्कि अपने बुजुर्गों के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और जिम्मेदारी व्यक्त करने का अवसर है। डॉ. अनुराग की आत्मीयता और सम्मान से अभिभूत वृद्धजनों ने उन्हें आशीर्वाद देते हुए उनके सामाजिक कार्यों की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान वृद्धाश्रम का वातावरण भावनात्मक और पारिवारिक अपनत्व से सराबोर रहा। इस अवसर पर प्रबंध समिति सदस्य उमेश कुमार श्रीवास्तव, वृद्धाश्रम के वार्डन अशोक यादव सहित समस्त स्टाफ मौजूद रहा।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages