10 नवंबर 2025 से न्याय के लिए दर-दर भटक रहा पीड़ित
बांदा, के एस दुबे । जनपद के ग्राम ब्रहाड़ेरा, कनवारा निवासी श्रीचंद्र पुत्र बाबूलाल ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर अपनी पैतृक कृषि भूमि पर अवैध कब्जे की कोशिश तथा जान से मारने की धमकी दिए जाने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता के अनुसार उनके कोई पुत्र नहीं हैं और उनकी तीन पुत्रियां हैं। आरोप है कि उनके भाई धनीराम पुत्र बाबूलाल दबंगई के बल पर उनकी भूमि पर कब्जा करना चाहते हैं। श्रीचंद्र का कहना है कि पिछले कई वर्षों से उनकी फसल काट ली जाती है तथा पूर्व में उन पर ट्रैक्टर चढ़ाकर जान से मारने का प्रयास भी किया गया था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि खेत में लगे पेड़ और फसल को भी नुकसान पहुंचाया गया।
शिकायती पत्र में बताया गया है कि 7 जून 2026 को लेखपाल द्वारा खेत की नापजोख किए जाने के बाद आरोपी पक्ष के लोगों ने कुल्हाड़ी और डंडा लेकर उन्हें गालियां दीं तथा खेत में दोबारा आने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराने, न्याय दिलाने तथा जानमाल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। पीड़ित ने आरोप लगाते हुए बताया कि 10 नवंबर 2025 को उप जिला अधिकारी के यहां से आदेश भी पीड़ित के पक्ष में हो गया था लेकिन आज तक पीड़ित को कब्जा नहीं मिला केवल न्याय के लिए दर-दर भटक रहा है।फिलहाल प्रशासन की ओर से मामले की जांच की जा रही है। शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


No comments:
Post a Comment