12वीं पीएसी परिसर में सुरक्षा, चिकित्सा व व्यवस्थाओं का लिया जायजा
फतेहपुर, मो शमशाद । उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा के तहत प्रस्तावित शारीरिक दक्षता परीक्षा (दौड़) को सकुशल एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने 12वीं बटालियन पीएसी परिसर पहुंचकर भर्ती दौड़ के लिए निर्धारित ग्राउंड और उससे जुड़ी व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण किया।
![]() |
| पीएसी परिसर में व्यवस्थाओं का जायजा लेते एसपी अभिमन्यु मांगलिक। |
निरीक्षण के दौरान एसपी ने दौड़ ट्रैक की स्थिति, अभ्यर्थियों के प्रवेश एवं निकास मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, चिकित्सा सहायता, बैठने की व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि भर्ती प्रक्रिया के प्रत्येक चरण को पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता और सुचारु व्यवस्था के साथ सम्पन्न कराया जाए, ताकि किसी भी अभ्यर्थी को असुविधा का सामना न करना पड़े। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश राय एवं 12वीं बटालियन पीएसी के कमांडेंट मनोज कुमार अवस्थी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने भर्ती आयोजन से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी व्यवस्थाओं को समय से पूर्ण करने और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि भर्ती प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं।


No comments:
Post a Comment