जॉर्ज फर्नांडीस जयंती पर गूंजा शराबबंदी का संकल्प - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Sunday, June 7, 2026

जॉर्ज फर्नांडीस जयंती पर गूंजा शराबबंदी का संकल्प

बांदा, के एस दुबे । समाजवादी विचारधारा के प्रखर नेता, मजदूरों, किसानों, महिलाओं और वंचितों की मुखर आवाज रहे पूर्व केंद्रीय मंत्री जॉर्ज फर्नांडीस की जयंती आज बांदा जनपद के बबेरू विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत घंसौल में श्रद्धा और संकल्प के साथ मनाई गई। जनता दल यूनाइटेड के बैनर तले पंचायत भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, महिलाओं और पार्टी कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया और जॉर्ज साहब के संघर्षपूर्ण जीवन, सामाजिक न्याय, समानता व जनहित की राजनीति को याद किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपस्थित जनता दल यूनाइटेड की प्रदेश उपाध्यक्ष एवं बुंदेलखंड प्रभारी शालिनी सिंह पटेल ने जॉर्ज साहब


के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जॉर्ज फर्नांडीस केवल एक नेता नहीं, बल्कि शोषितों, पीड़ितों और आम जनता के अधिकारों की लड़ाई का जीवंत प्रतीक थे। आज जब समाज अनेक सामाजिक और आर्थिक चुनौतियों का सामना कर रहा है, तब जॉर्ज साहब के विचार और उनका संघर्ष और भी अधिक प्रासंगिक हो जाता है।

जयंती कार्यक्रम के दौरान सबसे प्रमुख मुद्दा शराबबंदी का रहा। कार्यक्रम में जुटी सैकड़ों महिलाओं ने एक सुर में शराबबंदी को लेकर एकजुट होने का संकल्प लिया। महिलाओं ने साफ शब्दों में कहा कि शराब के कारण अनगिनत परिवार बर्बाद हो रहे हैं। इसे रोकने के लिए अब गांव-गांव तक सघन जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। महिलाओं ने हुंकार भरते हुए कहा कि शराबबंदी केवल एक सामाजिक मुद्दा नहीं है, बल्कि यह महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान, परिवार की खुशहाली और समाज के भविष्य से जुड़ा हुआ बेहद संवेदनशील विषय है। महिलाओं ने चेतावनी दी कि इस सामाजिक बुराई के खिलाफ वे बांदा से लेकर लखनऊ  तक एक निर्णायक और ऐतिहासिक लड़ाई लड़ने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी पदाधिकारियों और ग्रामीणों ने जॉर्ज साहब के बताए रास्ते पर चलने और समाज में न्याय व समानता की राजनीति को मजबूत करने का सामूहिक संकल्प लिया। इस मौके पर जेडीयू के जिला अध्यक्ष उमाकांत सविता, नगर विकास अध्यक्ष काशी प्रसाद याज्ञिक, अतर्रा नगर अध्यक्ष महिला प्रकोष्ठ  ज्योति मौर्य, जिला उपाध्यक्ष रमन गुप्ता सहित भारी संख्या में ग्रामीण और महिलाएं मौजूद रहीं।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages