बांदा, के एस दुबे । चिल्ला थाना क्षेत्र के दतरौली गांव में नाले में लापता हुई महिला का शव 24 घंटे बाद बरामद होने से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से लगातार तलाश अभियान चलाया। शुक्रवार सुबह घटनास्थल से कुछ दूरी पर नाले के घुमावदार मोड़ पर झाड़ियों और चारे के बीच महिला का शव फंसा मिला।दतरौली गांव निवासी जोगा यादव की पत्नी रेखा यादव (35) बीते दिनों सुबह करीब 5:30 बजे रोज की तरह गांव के पास बह रहे नाले की ओर शौच के लिए गई थीं।काफी देर तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की।नाले के किनारे उनकी चप्पल मिलने के बाद परिजनों ने आशंका जताई कि वह तेज बहाव में बह गई हैं। सूचना मिलते ही चिल्ला थाना प्रभारी आनंद साहू पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और गोताखोरों की मदद से खोज अभियान शुरू कराया। नाले में जाल भी डलवाया गया,लेकिन देर शाम तक उनका कोई पता नहीं चल सका।
शुक्रवार सुबह दोबारा शुरू किए गए सर्च अभियान के दौरान घटनास्थल से कुछ दूरी पर नाले के घुमावदार मोड़ पर झाड़ियों में महिला का शव फंसा मिला।शव बरामद होते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।मृतका के पति जोगा यादव ने बताया कि उनकी पत्नी रोज की तरह शौच के लिए घर से निकली थीं,लेकिन वापस नहीं लौटीं।मृतका अपने पीछे दो बेटियां आशा,सीमा और एक बेटा आर्यन छोड़ गई हैं।थाना प्रभारी आनंद साहू ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतका पिछले सात वर्षों से मानसिक बीमारी से पीड़ित थीं और कानपुर के एक अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था।रात में भी नाले पर पुलिस पिकेट तैनात की गई थी तथा जाल लगाकर तलाश जारी रखी गई।शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


No comments:
Post a Comment