अमारा के मजरा बाबा कुटी स्थित कंपोजिट विद्यालय की स्थिति गंभीर,
प्रधान/प्रशासक ने डीएम से की कार्रवाई की मांग
बांदा, के एस दुबे । जसपुरा विकासखंड की ग्राम पंचायत अमारा के मजरा बाबा कुटी स्थित कंपोजिट विद्यालय की जर्जर इमारत और जलभराव की समस्या को लेकर ग्राम पंचायत प्रधान/प्रशासक अशोक कुमार विश्वकर्मा ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। पत्र में बताया गया है कि विद्यालय की इमारत काफी पुरानी है और मुख्य सड़क से काफी नीचे स्थित होने के कारण बारिश का पानी विद्यालय परिसर में भर जाता है। नालियों की समुचित व्यवस्था नहीं होने तथा ग्रामीणों द्वारा नालियां अवरुद्ध किए जाने से बारिश के दौरान विद्यालय में करीब एक फुट तक पानी भरने की स्थिति बन जाती है। इससे विद्यालय की नींव में नमी पहुंचने के साथ भवन की छत भी टपक रही है।
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि जल जीवन मिशन के तहत मजरे में करीब एक मीटर गहराई तक खुदाई के बाद ठेकेदार द्वारा कथित तौर पर हल्की मिट्टी और दो-तीन इंच आरसीसी डालकर खानापूर्ति कर दी गई, जिससे बारिश में जमीन में सीलन बढ़ गई है। वहीं प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनी सड़क पर बालू के ओवरलोड वाहनों के आवागमन से सड़क व नालियां क्षतिग्रस्त होने की बात भी कही गई है। ग्राम प्रधान के मुताबिक विद्यालय में वर्तमान में 146 मासूम बच्चे पढ़ते हैं। जर्जर भवन और जलभराव की स्थिति में शिक्षण कार्य के दौरान किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। उन्होंने जिलाधिकारी से बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए विद्यालय की जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त कराने और भवन की सुरक्षा के लिए तत्काल उचित कार्रवाई कराने की मांग की है। पत्र के साथ स्थिति के वीडियो और फोटो भी संलग्न किए जाने की बात कही गई है।


No comments:
Post a Comment