हर बारिश में डूब जाता खागा पूर्वी अंडरपास, स्थायी समाधान की मांग तेज - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Tuesday, August 4, 2026

हर बारिश में डूब जाता खागा पूर्वी अंडरपास, स्थायी समाधान की मांग तेज

एनएचएआई को ज्ञापन देकर तकनीकी जांच व ड्रेनेज व्यवस्था बनाने की उठाई मांग

खागा, फतेहपुर, मो शमशाद । पूर्वी अंडरपास पर हर वर्ष बारिश के दौरान होने वाला जलभराव अब स्थानीय लोगों के लिए गंभीर समस्या बन गया है। अंडरपास के दोनों ओर स्थित सर्विस रोड पर पानी भर जाने से आवागमन बाधित हो जाता है और राहगीरों, व्यापारियों, विद्यार्थियों, मरीजों तथा वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। समस्या के स्थायी समाधान की मांग को लेकर वार्ड संख्या-2 एवं 9 के नागरिकों ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के परियोजना निदेशक, परियोजना कार्यान्वयन इकाई कानपुर को ज्ञापन सौंपा है। स्थानीय नागरिक हेमेंद्र वर्मा, जयकृष्ण और रामकृष्ण ने ज्ञापन में बताया कि प्रत्येक वर्ष बरसात के समय अंडरपास के दोनों

खागा पूर्वी अंडरपास की सर्विस रोड पर जलभराव का दृश्य।

ओर स्थित सेवा मार्ग जलमग्न हो जाते हैं। जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण घंटों तक पानी भरा रहता है, जिससे लोगों को जोखिम उठाकर आवागमन करना पड़ता है। कई बार दोपहिया वाहन फिसलने और दुर्घटना होने की आशंका भी बनी रहती है। नागरिकों ने मांग की है कि चैनेज संख्या 585.700 से 585.620 तक की स्वीकृत जल निकासी योजना, सामान्य व्यवस्था आरेख, अनुदैध्र्य प्रोफाइल तथा ड्रेनेज डिजाइन की विशेषज्ञ तकनीकी अधिकारियों से समीक्षा कराई जाए। साथ ही अंतिम जल निकासी बिंदु, ढाल, क्षमता और पानी के प्रवाह की दिशा का परीक्षण कर भारतीय सड़क कांग्रेस (आईआरसी) एवं सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के मानकों के अनुरूप स्थायी जल निकासी व्यवस्था विकसित की जाए। ज्ञापन में यह भी मांग की गई है कि एनएचएआई अधिकारियों, निर्माण एजेंसी और स्थानीय नागरिकों की मौजूदगी में संयुक्त तकनीकी निरीक्षण कराया जाए, ताकि समस्या की वास्तविक स्थिति का आकलन कर प्रभावी समाधान निकाला जा सके। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह केवल सुविधा का नहीं, बल्कि जनसुरक्षा का भी विषय है। यदि समय रहते स्थायी ड्रेनेज व्यवस्था नहीं बनाई गई तो हर बरसात में हजारों लोगों को इसी तरह परेशानी झेलनी पड़ेगी। नागरिकों ने जनहित को देखते हुए एनएचएआई से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages