यात्री सुविधाओं के अभाव में दौड़ रही बांदा जंक्शन से इंटरसिटी - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Tuesday, September 15, 2026

यात्री सुविधाओं के अभाव में दौड़ रही बांदा जंक्शन से इंटरसिटी

शौचालयों में पानी और टोटियों का अभाव, सफाई व्यवस्था भी बदहाल

बांदा, के एस दुबे । रेलवे द्वारा यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के दावे के बीच बांदा जंक्शन से संचालित ट्रेनों में व्यवस्थाओं की बदहाली सामने आ रही है। गाड़ी संख्या 14123 चित्रकूट इंटरसिटी एक्सप्रेस, जिसे वर्तमान में प्रतापगढ़ तक विस्तारित करने के साथ कोच भी बढ़ाए गए हैं, उसमें यात्री सुविधाओं का अभाव यात्रियों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। यात्रियों का आरोप है कि ट्रेन के कई कोचों में वॉश बेसिन की स्थिति खराब है और टोटियां तक नहीं लगी हैं। सफाई व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं है। वहीं कोचों में बने शौचालयों की हालत भी बदतर बताई जा रही है। शौचालयों की टंकियों में पर्याप्त पानी नहीं रहता और सफाई से जुड़े उपकरण भी काम


नहीं करते। शौच के बाद पानी से सफाई के लिए लगाए गए डिब्बे और टोटियां भी कई जगह शोपीस बने हुए हैं। गौरतलब है कि रेलवे के महाप्रबंधक और मंडलीय अधिकारियों द्वारा समय-समय पर ट्रेनों और स्टेशनों का निरीक्षण किया जाता है। सांसदों एवं रेलवे प्रतिनिधियों द्वारा भी अपने क्षेत्रों में यात्री सुविधाएं बढ़ाने की मांग की जाती रही है। पिछले सप्ताह सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी अधिक ट्रेनों के संचालन और यात्री सुविधाओं में बढ़ोतरी को लेकर ज्ञापन सौंपा था। इसके बावजूद बांदा से संचालित इस ट्रेन की स्थिति पर यात्रियों ने सवाल उठाए हैं। प्रतिदिन यात्रा करने वाले यात्रियों ने महाप्रबंधक, मंडलीय अधिकारियों, स्टेशन अधीक्षक एवं संबंधित रेल अधिकारियों से गाड़ी संख्या 14123 के सभी कोचों में वॉश बेसिन, टोटियां और शौचालयों की व्यवस्था दुरुस्त कराने तथा ट्रेन की युद्धस्तर पर सफाई कराने की मांग की है।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages