भाजपा, सपा और निर्दलीय प्रत्याशी के बीच त्रिकोणीय मुकाबला,
बबेरू /बाँदा, के एस दुबे । बबेरू कस्बे के जेपी शर्मा इंटर कॉलेज में शुक्रवार को इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक चले मतदान में पंजीकृत 1961 मतदाताओं में से 857 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान केंद्र का उपजिलाधिकारी अवनीश कुमार और पुलिस क्षेत्राधिकारी कृष्णकांत त्रिपाठी ने निरीक्षण किया। मतदान को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए केंद्र पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। मतदान समाप्त होने के साथ ही चुनाव मैदान में उतरे
सभी प्रत्याशियों की किस्मत मतपेटियों में बंद हो गई है। अब सभी की निगाहें मतगणना पर टिकी हैं, जिसके बाद प्रत्याशियों की जीत-हार का फैसला होगा। बबेरू क्षेत्र में इस चुनाव को लेकर भाजपा प्रत्याशी अशोक कुमार राठौर, सपा प्रत्याशी डॉ. मानसिंह यादव और निर्दलीय प्रत्याशी शिवशंकर पटेल के बीच त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिला। अब मतगणना के बाद ही स्पष्ट होगा कि मतदाताओं का समर्थन किस प्रत्याशी को मिला और किसके सिर जीत का ताज सजेगा।


No comments:
Post a Comment