कई दिनों से टूटी पड़ी पाइपलाइन,
एक ओर पानी की बर्बादी तो दूसरी ओर बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे स्थानीय लोग
बांदा, के एस दुबे । कस्बा जसपुरा में जलकल विभाग की लापरवाही का मामला सामने आया है। सुमेरपुर रोड पर पाइपलाइन टूटने के कारण हजारों लीटर पानी सड़क पर बहकर बर्बाद हो रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, पाइपलाइन काफी दिनों से टूटी पड़ी है, लेकिन अभी तक इसकी मरम्मत नहीं कराई गई है। हैरानी की बात यह है कि संबंधित क्षेत्र में हाल ही में पाइपलाइन बिछाई गई थी। इसके बावजूद पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से पानी की लगातार बर्बादी हो रही है। एक तरफ सड़क पर हजारों लीटर पानी बह रहा है, वहीं दूसरी तरफ स्थानीय लोग बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते पाइपलाइन की मरम्मत करा दी
जाती, तो पानी की बर्बादी को रोका जा सकता था। विभागीय लापरवाही के चलते न केवल पेयजल की बर्बादी हो रही है, बल्कि आम लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अब सवाल यह है कि आखिर जिम्मेदार अधिकारी इस समस्या पर कब संज्ञान लेंगे? क्या जलकल विभाग टूटे पाइपलाइन की जल्द मरम्मत कराकर पानी की बर्बादी रोकेगा, या फिर लोगों को इसी तरह परेशानियों का सामना करना पड़ेगा? स्थानीय लोगों ने संबंधित अधिकारियों से पाइपलाइन की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है।


No comments:
Post a Comment