भरोसा बांध की नहर को आरसीसी कराने की मांग, भाजपा नेता ने फिर भेजा पत्र - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Thursday, October 1, 2026

भरोसा बांध की नहर को आरसीसी कराने की मांग, भाजपा नेता ने फिर भेजा पत्र

टूटी पटरी से बर्बाद हो रहा पानी, अंतिम टेल तक नहीं पहुंच पा रही सिंचाई

मानिकपुर, चित्रकूट। पाठा क्षेत्र में किसानों की सिंचाई समस्या को लेकर भाजपा किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता जितेंद्र मोहन शुक्ल ने एक बार फिर भरोसा बांध से निकलने वाली नहर को पूरी तरह आरसीसी कराने की मांग उठाई है। उन्होंने जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह और मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर नहर के पक्कीकरण की मांग की है। इससे पूर्व भी वह इस समस्या को लेकर पत्राचार कर चुके हैं। जितेंद्र मोहन शुक्ल ने बताया कि भरोसा बांध से निकलने वाली नहर मानिकपुर, गुरौला, ऐलहा, बढ़ैया, उमरी, खिचरी समेत आसपास के गांवों के किसानों के लिए सिंचाई का प्रमुख और लगभग एकमात्र साधन है। नहर की पटरी जगह-जगह से क्षतिग्रस्त


और कटी हुई होने के कारण नहर में छोड़ा गया अधिकांश पानी रास्ते में ही बहकर बर्बाद हो जाता है। इसके चलते नहर का पानी अंतिम टेल तक नहीं पहुंच पाता और किसानों की फसलें सिंचाई के अभाव में सूखने लगती हैं। उन्होंने कहा कि मानिकपुर क्षेत्र में पहले से ही पानी की गंभीर समस्या है। अधिकांश स्थानों पर कुएं और बोरवेल भी सिंचाई के लिए कारगर नहीं हैं। ऐसे में किसानों के लिए भरोसा बांध की नहर ही सबसे बड़ा सहारा है। लेकिन कई वर्षों से नहर की पटरी की हालत खराब होने के कारण किसानों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है।


शुक्ल ने बताया कि नहर खोले जाने के बाद पानी टूटी पटरियों से बाहर निकलकर आसपास के खेतों में फैल जाता है, जिससे जहां पानी की आवश्यकता नहीं है वहां फसलों को नुकसान होता है, जबकि नहर के अंतिम टेल ऐलहा-बढ़ैया तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पाता। इससे वहां के किसानों को हर वर्ष सिंचाई संकट का सामना करना पड़ता है। उन्होंने जलशक्ति मंत्री और मुख्यमंत्री से मांग की है कि पाठा क्षेत्र के किसानों की सिंचाई समस्या को स्थायी रूप से समाप्त करने के लिए भरोसा बांध से निकलने वाली पूरी नहर को आरसीसी कराया जाए। उनका कहना है कि नहर के पक्कीकरण से पानी की बर्बादी रुकेगी और अंतिम टेल तक पर्याप्त पानी पहुंचने से किसानों को सिंचाई की सुविधा मिल सकेगी।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages