अमौली-कोरिया मार्ग की गुणवत्ता पर ग्रामीणों का विरोध - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Friday, October 2, 2026

अमौली-कोरिया मार्ग की गुणवत्ता पर ग्रामीणों का विरोध

निर्धारित समय सीमा बीतने के महीनों बाद शुरू हुआ निर्माण, उखड़ने लगी सड़क की परत

अमौली, फतेहपुर, मो शमशाद । अमौली ब्लॉक मुख्यालय के सामने शहीद विजय पाल सिंह यादव मार्ग से कोरिया घाटमपुर रोड तक प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत कराए जा रहे सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा बीतने के कई महीने बाद शुरू हुआ और सड़क का हिस्सा बनने के अगले ही दिन उसकी ऊपरी परत उखड़ने लगी। डामर और गिट्टी बिखरने से निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं। सड़क के सूचना पट के मुताबिक मार्ग की कुल लंबाई 6.675 किलोमीटर, पैकेज संख्या यूपी25151 तथा परियोजना की लागत करीब 650.89 लाख रुपये है। निर्माण कार्य पूरा

निर्माणाधीन मार्ग की गुणवत्ता दिखाते ग्रामीण।

करने की निर्धारित तिथि 6 दिसंबर 2025 अंकित है। ग्रामीणों का कहना है कि निर्धारित समय सीमा बीतने के बावजूद सड़क का निर्माण समय से पूरा नहीं हो सका। अब कई महीने बाद निर्माण शुरू किए जाने से विभागीय निगरानी और कार्यदायी संस्था की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों के मुताबिक सड़क के एक हिस्से का निर्माण बुधवार शाम कराया गया था। अगले ही दिन सड़क की ऊपरी परत उखड़ने लगी और डामर के साथ गिट्टियां बिखरने लगीं। ग्रामीणों ने निर्माण में प्रयुक्त सामग्री, डामर-गिट्टी के मिश्रण, सड़क की सतह की तैयारी और निर्धारित तकनीकी मानकों के पालन की जांच कराने की मांग की है। ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि निर्माण कार्य में इस्तेमाल की जा रही कुछ मशीनें खराब हैं, जिससे कार्य की गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका है। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर विरोध जताया और संबंधित विभागीय अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। विरोध जताने वालों में जंगबाज, मोना, गोरेलाल, मुखियाराम, जनकराम, कमल सिंह, ललित कुमार, छेदालाल, महेंद्र सिंह, हरिनाम यादव, बलराम यादव, सुशील कुमार, लवकुश कुमार, बाबा लंकेश, कद्दूराम, प्रभात कुमार, अतुल कुमार, शैलेश वर्मा, दिनेश आचार्य, अनुज आचार्य, छोटकू, अमरनाथ, सर्वेश समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल रहे।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages