विचार गोष्ठी में महात्मा गांधी के सिद्धांतों को अपनाने पर जोर
फतेहपुर, मो शमशाद । राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157 वीं जयंती के अवसर पर जिला साहू समाज संगठन के तत्वावधान में गुरुवार को विशाल शोभा यात्रा एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व राजेश गांधी ने किया। लोधीगंज स्थित साहू सामुदायिक मिलन केंद्र से निकली शोभा यात्रा ज्वालागंज, वर्मा चौराहा व पटेल नगर होते हुए सरदार वल्लभभाई पटेल प्रेक्षागृह पहुंची, जहां यात्रा विचार गोष्ठी में परिवर्तित हो गई। शोभा यात्रा में बड़ी संख्या में चार पहिया वाहनों के साथ गांधीवादियों ने भाग लिया। तिरंगे से सजे वाहनों के बीच महात्मा गांधी अमर रहें और लाल बहादुर शास्त्री अमर रहें के नारों से शहर गूंज उठा। प्रेक्षागृह में आयोजित विचार गोष्ठी में
![]() |
| गांधी जयंती पर शोभा यात्रा निकालते साहू समाज के लोग। |
वक्ताओं ने महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के विचारों को आत्मसात करने का आह्वान किया। मुख्य अतिथि सीतापुर सांसद राकेश राठौर ने कहा कि गांधी जी किसी एक समाज या वर्ग के नहीं, बल्कि पूरे देश और दुनिया के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि लोगों को यह तय करना होगा कि वे गांधी जी के विचारों और सिद्धांतों के साथ खड़े हैं या उनके विरोधी विचारों के साथ। उन्होंने पिछड़े वर्ग के आरक्षण और राजनीतिक नीतियों को लेकर भी अपने विचार रखे। जिले के सांसद नरेश उत्तम पटेल ने कहा कि महात्मा गांधी के बताए अहिंसा के मार्ग को जीवन में उतारने की जरूरत है। राजनीति में सादगी और ईमानदारी की प्रेरणा लाल बहादुर शास्त्री से ली जानी चाहिए। भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी साहू समाज से आते हैं और उन्होंने देश के विकास में महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। उन्होंने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री को नमन करते हुए कहा कि इन महापुरुषों को अपना आदर्श बनाकर आगे बढ़ना चाहिए। डीसी गुप्ता ने शिक्षा को समाज की प्रगति का आधार बताते हुए कहा कि शिक्षा के बिना किसी भी समाज का सर्वांगीण विकास संभव नहीं है। नगर पालिका अध्यक्ष राजकुमार मौर्य ने कहा कि महात्मा गांधी का व्यक्तित्व और कृतित्व विराट था। उनके विचारों को देश ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में सम्मान मिला है। संचालन डॉ. माधुरी साहू एवं शिवशरण बंधु ने किया। आयोजन को सफल बनाने में राजेश गांधी, राजेंद्र प्रसाद साहू, राजेश साहू खागा, डॉ. एसके साहू एवं राजू साहू का विशेष योगदान रहा। इस मौके पर भारती गांधी, हीरालाल साहू, ब्लॉक प्रमुख मनभावन शास्त्री, साधना साहू, दयावती साहू, उदयभान साहू, बबीता साहू, विजयलक्ष्मी साहू, प्रमोद साहू, रवि साहू, अमृतलाल साहू, माताबदल साहू समेत बड़ी संख्या में साहू समाज के लोग मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment