सेवा संकल्प अभियान: श्रमदान कर स्वच्छता का दिया संदेश - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Thursday, October 1, 2026

सेवा संकल्प अभियान: श्रमदान कर स्वच्छता का दिया संदेश

धाता, फतेहपुर, मो शमशाद । नगर पंचायत धाता क्षेत्र में चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वच्छता व पर्यावरण संरक्षण को लेकर गुरुवार को विभिन्न स्थानों पर श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किए गए। दो अक्टूबर को अवकाश होने के मद्देनजर सरकारी कार्यालयों एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर एक दिन, एक घंटा श्रमदान का आह्वान किया गया था। अभियान के दौरान लोगों ने स्वयं सफाई कार्य में भाग लेकर स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। बैंक ऑफ बड़ौदा के मैनेजर दिनेश कुमार की अध्यक्षता में बैंक परिसर के बाहर कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से झाड़ू लगाकर श्रमदान किया। बैंक कर्मचारियों ने आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई करते हुए

श्रमदान करते कार्मिक।

लोगों को सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी न फैलाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधारोपण भी किया गया। कर्मचारियों ने पौधे की देखभाल और उसके संरक्षण का संकल्प लिया। सफाई कर्मचारियों को बैंक मैनेजर ने मिठाई एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया। लोगों से अपील की गई कि वे अपने घरों के आसपास कूड़ा-कचरा एकत्र न होने दें और गंदगी को निर्धारित स्थान पर ही डालें। साथ ही सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने में नगर पंचायत एवं सफाई कर्मचारियों का सहयोग करने का आह्वान किया गया। उधर नगर पंचायत धाता की अध्यक्ष रेखा सरोज एवं अध्यक्ष प्रतिनिधि राजू सरोज ने सभासदों के साथ अटेलवा गोल चौराहा पर श्रमदान किया। श्रमदान अभियान के दौरान लोगों को स्वच्छ व सुंदर नगर बनाने, सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फेंकने तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया गया। जगह-जगह हुए श्रमदान कार्यक्रमों से सेवा, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश लोगों तक पहुंचा।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages