अभिलेख अधूरे मिलने पर जिला कृषि अधिकारी की कार्रवाई
किसानों को मानक के अनुरूप खाद उपलब्ध कराने के निर्देश
चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : किसानों को निर्धारित मानक एवं नियमानुसार उर्वरक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिला कृषि अधिकारी आरके वर्मा ने तहसील कर्वी क्षेत्र के विभिन्न फुटकर उर्वरक बिक्री केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अभिलेखों में अनियमितता मिलने पर चार उर्वरक विक्रेताओं के लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित करने की कार्रवाई की गई। जिला कृषि अधिकारी ने शुक्रवार को किए गए निरीक्षण में शिवहरे ट्रेडर्स खाद-बीज भंडार भरतकूप, भरत जी खाद-बीज भंडार भरतकूप, अमन खाद-बीज भंडार सीतापुर रोड अरछनपुरवा तथा एग्री जंक्शन केंद्र वन शॉप खाद-बीज भंडार शिवरामपुर के अभिलेखों की जांच की। जांच के
दौरान इन केंद्रों पर अभिलेख अपूर्ण पाए गए। साथ ही निर्देशों के बावजूद स्टॉक बोर्ड भी नहीं लगाया गया था। इस पर संबंधित विक्रेताओं के लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए गए। वहीं निरीक्षण के दौरान अन्य उर्वरक बिक्री केंद्रों के अभिलेख पूर्ण पाए गए। जिला कृषि अधिकारी ने सभी फुटकर उर्वरक विक्रेताओं को निर्देशित किया कि किसानों को निर्धारित मानकों एवं नियमों के अनुरूप ही खाद उपलब्ध कराएं। उर्वरक वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर संबंधित विक्रेताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


No comments:
Post a Comment